संघ के कई पदाधिकारियों के दायित्व में बदलाव, जानिए किसे क्या मिली जिम्मेदारी

in #wortheum2 years ago

संघ के कई पदाधिकारियों के दायित्व में बदलाव, जानिए किसे क्या मिली जिम्मेदारी

प्रयागराज,

RSS News: प्रयागराज में गौहनिया के वात्सल्य परिसर में आरएसएस की चार दिन चली अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में कुछ पदाधिकारियों के दायित्व में भी बदलाव किए गए हैं। उत्तराखंड से संबद्ध रहे प्रांत प्रचारक युद्धवीर सिंह व सह प्रांत प्रचारक देवेंद्र को कार्य मुक्त कर दिया गया है। युद्धवीर सिंह को पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र सह सेवा प्रमुख का दायित्व दिया गय है। उनकी भाजपा में विशेष पैठ मानी जाती थी।

इंटरनेट मीडिया पर सूची वायरल होने पर मची थी हलचल

कुछ समय पहले इंटरनेट मीडिया में एक सूची वायरल हुई थी, जिसमें शामिल कई नामों का उल्लेख करते हुए दावा किया गया था कि इन्हें सरकारी नौकरी दिलाने के लिए संघ के प्रांत प्रचारक युद्धवीर ने सिफारिश की थी। तब यह मामला चर्चा में रहा था। यद्यपि, प्रकरण की पुलिस जांच में ऐसा कोई तथ्य नहीं पाया गया। अब वह सेवा बस्तियों में विशेष रूप से सक्रिय रहेंगे। इसी तरह सह प्रांत प्रचारक देवेंद्र सह क्षेत्र सेवा प्रमुख ग्राम विकास की जिम्मेदारी दी गयी है।

सीएम योगी आदित्यनाथ भी आए हैं गौहनिया

संघ प्रमुख मोहन भागवत अभी प्रयागराज में हैं। गुरुवार को उनसे मिलने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात में चार दिन चली अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में उठे मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ भी विमर्श हो सकता है। संबंधित विषयों पर सरकार की ओर से ठोस नीति बनाने का आग्रह संगठन का रहेगा। पूरे दिन संघ प्रमुख वात्सल्य परिसर में ही रहेंगे। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रांत प्रचारकों व क्षेत्र प्रचारकों के साथ मंत्रणा भी करेंगे। इन बैठकों में संगठनात्मक विषय ही चर्चा के केंद्र रहेंगे। संभव है कि संगठन में कुछ अन्य बदलाव स्थानीय स्तर पर किए जाएं।