खतरे के निशान बिंदु छूने को बेताब गंगा नदी का पानी

in #waterlevel2 years ago

डलमऊ (रायबरेली)। पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। चेतावनी बिंदु के पार मंगलवार को नदी का जलस्तर 98.530 मीटर नापा गया। नदी के बढ़ते जलस्तर से कटरी क्षेत्र में धान, उड़द, तिल और चारे की करीब 400 बीघा फसल डूब गई है। पानी भरने से फसल के सड़ने का खतरा हो गया है। अब नदी आबादी की ओर से बढ़ रही है। इससे कटरी क्षेत्र के लोगों में खौफ है। हर घंटे एक सेमी. गति की रफ्तार से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है।गंगा नदी का चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर, जबकि खतरे का निशान बिंदु 99.360 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग डलमऊ के मुताबिक सोमवार को नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार करते हुए 98.440 मीटर पर पहुंच गया था।मंगलवार को भी जलस्तर में बढ़ोतरी हुई। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक मंगलवार शाम छह बजे तक नदी का जलस्तर 98.530 मीटर नापा गया। अब पानी खतरे के निशान को छूने को बेताब दिख रहा है। हर घंटे एक सेमी. गति से नदी बढ़ रही है।
नदी के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी से चकमलिक भीटी, अंबहा, बबुरा, जमालनगर मोहद्दीनपुर, जहांगीराबाद, चांदपुर लुक गांवों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण श्रीप्रकाश, रामनिवास, जयकरण, साजन यादव, रामविलास, श्याम सुंदर, रामसजीवन, शत्रोह्न, रामकमार, जगन्नाथ, परमेश्वर ने बताया कि गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु पार करते हुए लगातार खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है।