हाहाकार: MP में रूह कंपा देने वाला हादसा

Screenshot_2022-07-18-13-24-48-66_40deb401b9ffe8e1df2f1cc5ba480b12.jpgMP Bus Accident : मध्य प्रदेश में सोमवार को एक बड़ा हादसा हुआ है| यहां धार जिले के खलघाट में एक बस के नर्मदा नदी में गिरने से (Bus fell in Narmada river in MP) 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है| जबकि कइयों को रेस्क्यू कर घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया है| बस में कितने लोग सवार थे इसकी जानकारी की जा रही है| खैर, बस को नर्मदा नदी से बाहर निकाल लिया गया है| इधर, एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान घटना की सूचना मिलने पर लगातार इस ओर संज्ञान ले रहे हैं| सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस-प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है|
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि धार जिले के खलघाट में बस के नर्मदा नदी में गिरने से हुई दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है| ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना स्थल पर जिला प्रशासन की टीम मौजूद है। बस को निकाल लिया गया है। खरगोन, धार जिला प्रशासन के साथ मैं निरंतर संपर्क में हूं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। दु:ख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे,मैं व संपूर्ण प्रदेश साथ है। हृदय दु:ख और पीड़ा से भरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, नर्मदा नदी में गिरी बस महाराष्ट्र रोडवेज की बस है और यह इंदौर से पुणे जा रही थी| अपने सफर में जब यह धार जिले के खलघाट में नर्मदा नदी पर बने पुल से गुजरने लगी तो हादसे का शिकार हो गई| बस इस प्रकार अनियंत्रित हुई कि पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिरकर पहले नर्मदा नदी के किनारे चट्टान से टकराई और फिर उफनती हुई नर्मदा नदी में डूब गई| इस हादसे के बाद मौके पर हाहाकार मच गया| बस के अंदर मौजूद सवारियों ने खुद को बचाने की जद्दोजहद की लेकिन गहरी नर्मदा नदी में फंसे होने के कारण उनकी एक न चली|
इधर, मौके से गुजर रहे लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और सूचना जिला पुलिस-प्रशासन को दी गई| जिसके बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया| लेकिन जबतक हादसे की चपेट में आये लोगों को नर्मदा नदी से बाहर निकाला जाता| 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी| माना जा रहा है कि, इस हादसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है|