आटो के लिए रूट व कलर कोड निर्धारित
- यातायात पुलिस और आरटीओ ने दिए निर्देश
मंडला. शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार करने हेतु यातायात पुलिस और आरटीओ ने संयुक्त रूप से ऑटो चालकों की बैठक लेकर रूट एवं कलर कोडिंग का निर्धारण किया है। निर्धारित कलर कोड एवं रूट पर ऑटो चालकों को चलने के लिए निर्देशित किया गया है। इस कलर कोडिंग और रूट निर्धारण से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। धमाचौकड़ी मचाते ऑटो पर लगाम लग सकेगी।
जानकारी अनुसार शहर में ऑटो रिक्शा के व्यवस्थित संचालन के लिए यातायत पुलिस और आरटीओ ने ऑटो चालकों की बैठक आयोजित की। बैठक में ऑटो चालकों को शहर में चलने वाले विभिन्न मार्गों पर रूट निर्धारण एवं अलग-अलग कलर कोडिंग प्रदान की है। इस व्यवस्था के अनुसार यातायात पुलिस और आरटीओ द्वारा ऑटो चालकों को पड़ाव रोड, पुरवा झूला पुल रोड, कटरा रोड, महाराजपुर रोड इन मार्गों पर अलग-अलग कलर कोडिंग प्रदान की गई है।
सुधरेगी यातायात व्यवस्था :
यातायात सूबेदार योगेश राजपूत ने बताया कि धमाचौकड़ी मचाने वाले ऑटो पर लगाम लगाने के लिए उनके रूट निर्धारित कर दिए गए है। जिसके लिए अलग- अलग क्षेत्र के ऑटो के लिए कलर कोडिंग कर दी गई है। जिससे अब यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। ऑटो के कारण जिला मुख्यालय की यातायात व्यवस्था बिगड़ रही थी। अब ऑटो में कलर कोडिंग के बाद इसमें सुधार आएगा।ऑटो में हुआ कलर कोडिंग :
बता दे कि रूट निर्धरण और ऑटो की कलर कोडिंग के अनुसार पुरवा झूला पुल रोड के ऑटो का कलर पीला, कटरा रोड, बस स्टैंड ऑटो का कलर ऑरेंज, पड़ाव रोड का कलर हरा होगा। इसी प्रकार महाराजपुर ज्ञानदीप क्षेत्र जाने वाले ऑटो का कलर सफेद कलर दिया गया है।
- स्टॉपेज के आधार पर नंबरिंग :
बताया गया कि ऑटो पर नियंत्रण रखने के लिए एवं इनकी संख्या जानने के लिए स्टॉपेज के आधार पर यातायात पुलिस प्रत्येक ऑटो पर नंबर अंकित करा रही है। यह व्यवस्था पूर्व की गई थी, जिसे पुन: नंबर प्रदाय करने से नए आटो भी इन संख्या में सम्मिलित हो जाएंगे।