बहू से परेशान ससुर ने की खुदकुशी

in #punjab2 years ago

अमृतसर के सदर थानांतर्गत इलाका लक्ष्मी विहार में रहने वाले रघुबीर सिंह ने शुक्रवार रात फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। रघुबीर सिंह अपनी बहू और उसके परिवार से काफी दुखी थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौप दिया और मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मनप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका प्रॉपर्टी का कारोबार है। छह दिसंबर 2020 को उसकी शादी झब्बाल के गांव बघियाड़ी की रहने वाली रमनदीप कौर के साथ हुई थी। आठ माह पहले उसकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उनकी पत्नी घर से 15 लाख की एफडी और सोने के गहने लेकर अपने घर चली गई थी।
उसका (पीड़ित) परिवार रमनदीप को अपने मायके में रखी उक्त एफडी और गहने लाने को कह रहा था। मगर उनकी पत्नी के मायके वाले सामान नहीं लौटा रहे थे। उन्होंने बताया कि इसे लेकर दोनों परिवारों में कई बार विवाद भी हुआ। दोनों परिवारों के झगड़े के चलते उनके पिता रघुबीर सिंह काफी परेशान रहने लगे थे।