नशामुक्ति के लिए ग्रामसभाएं लगा सकती हैं एक हजार रुपये तक जुर्माना

FB_IMG_1670042636823.jpg

नशामुक्ति के लिए ग्रामसभाएं लगा सकती हैं एक हजार रुपये तक जुर्माना

15 नवंबर से लागू हुए पेसा अधिनियम के प्रचार-प्रसार के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक गांव में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। बिछिया क्षेत्र के ग्राम घोंट में पेसा एक्ट अधिनियम की जानकारी देने ग्रामसभा आयोजित की गई।

मंडला 15 नवंबर से लागू हुए पेसा अधिनियम के प्रचार-प्रसार के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक गांव में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। बिछिया क्षेत्र के ग्राम घोंट में पेसा एक्ट अधिनियम की जानकारी देने ग्रामसभा आयोजित की गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम, जिला अधिकारी तथा क्षेत्र के अधिकारी व कर्मचारी ग्रामसभा में शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों को पेसा एक्ट के बारे में बताया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामीणों को पेसा एक्ट अधिनियम के अंतर्गत ग्राम सभाओं को दी गई शक्तियां, अधिनियम के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिनियम में बहुत सारे विभागों की शक्तियों को ग्रामसभा को प्रदान किया गया है। इस अधिनियम द्वारा ग्रामसभा का सशक्तिकरण होगा। साथ ही शक्ति के विकेंद्रीकरण के अंतर्गत स्थानीय लोगों को अपने संसाधनों के प्रबंधन का अधिकार भी प्राप्त होगा।

कलेक्टर ने ग्रामसभा को स्थानीय खनिज प्रबंधन, मत्स्यपालन, कृषि प्रबंधन, नशामुक्ति, विवाद निवारण समिति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामसभा में जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामसभा को स्थानीय स्तर पर नशामुक्ति, शुष्क दिवस घोषित करने के संबंध में प्रस्ताव पारित करने का अधिकार दिया गया है। नशामुक्ति के विशेष अधिकार के अंतर्गत ग्रामसभाओं को 1 हजार रूपए तक का जुर्माना लगाने का भी अधिकार है। इस दौरान खनिज विभाग, जल संसाधन विभाग, आबकारी विभाग, महिला बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने पेसा एक्ट अधिनियम के अंतर्गत किए गए प्रावधानों की ग्रामीणों को जानकारी दी।

कलेक्टर ने माधोपुर व अंजनिया में ली अंग्रेजी और गणित की कक्षाएं

मंडला। कलेक्टर हर्षिका सिंह गुरुवार को बिछिया क्षेत्र के दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने माधोपुर, अंजनिया व औरई के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने माधोपुर व अंजनिया में कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए गणित व अंग्रेजी के विषय पर आधारित कक्षाएं ली तथा विद्यार्थियों से विषय से संबंधित सवाल किए। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को निर्देशित किया कि बधाों को प्रेक्टिकल रूप से भी गणित व अंग्रेजी का ज्ञान दें। उन्होंने अर्थशास्त्र से जुड़े सवालों के बारे में विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने संबंधित शिक्षिका को निर्देशित किया कि बधाों को अर्थशास्त्र के व्यवहारिक पहलुओं के बारे में बताएं। श्रीमती सिंह ने औरई हाईस्कूल तथा हायरसेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण करते हुए स्कूल में संचालित स्मार्ट क्लास को देखा। इस दौरान उन्होंने उपस्थित बधाों से चर्चा भी की। कलेक्टर ने औरई स्कूल के लैब का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने फार्म भरें : कलेक्टर ने स्कूलों के भ्रमण के दौरान कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जिन्होंने 18 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं या अक्टूबर 2023 में 18 वर्ष के होने वाले हैं वे फार्म-6 भरकर उसे जरूरी दस्तावेजों के साथ अपने स्कूल व संस्थाओं में ही जमा करें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध में अपने घर, परिवार व गांव में भी लोगों को जागरूक करें।

माधोपुर दिव्यांग छात्रावास का निरीक्षण : कलेक्टर हर्षिका सिंह ने माधोपुर में बन रहे दिव्यांग छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए छात्रावास में पलंग, बिस्तर, साफ-सफाई, बाथरूम, किचन व अन्य व्यवस्थाओं को पुख्ता रूप से पूर्ण करें। उन्होंने छात्रावास में बिजली, पानी व सुरक्षा के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।

उपार्जन की तैयारियों को पूर्ण करें

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बिछिया क्षेत्र के भ्रमण के दौरान माधोपुर व अंजनिया के उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन केंद्र की तैयारियों का जायजा लेते हुए बारदाने, तौल मशीन, स्टैंसिल आदि की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन के लिए पहुंचे किसानों से बातचीत करते हुए उनका फीडबैक लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में पंजीकृत किसानों की संख्या तथा उपार्जन के लिए प्रतिदिन किए जाने वाले एसएमएस के बारे में जानकारी ली।

घोंट में ग्रामीणों ने बताई पानी की समस्या

ग्राम घोंट में आयोजित पेसा एक्ट की ग्रामसभा के पश्चात स्थानीय ग्रामीणों ने कलेक्टर को पानी व अन्य समस्याओं के बारे में अवगत कराया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पीएचई विभाग को निर्देशित किया कि आगामी एक सप्ताह में क्षेत्र में पानी उपलब्धता सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने राशन वितरण, पेंशन प्रकरण, पात्रता पर्ची सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए।

नवसाक्षर अपने आसपास के लोगों को अक्षरज्ञान सीखने प्रेरित करें

कलेक्टर हर्षिका सिंह गुरुवार को बिछिया क्षेत्र के भ्रमण के दौरान निरक्षरता से आजादी अभियान के अंतर्गत सामाजिक चेतना केंद्र घोंट पहुंची। उन्होंने घोंट में निरक्षरों को अक्षरज्ञान प्रदान करने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम का अवलोकन किया। कलेक्टर ने सामाजिक चेतना केन्द्र में अक्षरज्ञान सीखने आने वाले बुजुर्ग महिला व पुरूषों से मुलाकात की। उन्होंने नवसाक्षर बनी महिलाओं से बात की तथा कहा कि आगे भी पढ़ना व लिखना जारी रखें तथा अपने आसपास के निरक्षर लोगों को भी पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान नवसाक्षर हुए महिला व पुरूषों ने अपना नाम लिखकर भी दिखाया।