दिल्ली के सभी 13820 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता सुनेंगे मन की बात

दिल्ली के सभी 13820 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता सुनेंगे मन की बात और खोलेंगे केजरीवाल की पोल

पोल खोल अभियान से केजरीवाल सरकार के झूठे वायदों की कलई खुलती जा रही है-राजन तिवारी

केजरीवाल के मुफ्त बिजली के झांसे से 1984 में हुए नरसंहार के पीड़ित परिवार भी नहीं बच पाए-राजन तिवारी

नई दिल्ली

भाजपा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता के नेतृत्व में केजरीवाल सरकार के झूठे वायदों के खिलाफ चल रहे पोल खोल अभियान का आयोजन दिल्ली के सभी 13820 बूथों पर चलाया जाएगा। इस बात की जानकारी देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजन तिवारी ने कहा कि पूरे दिन पार्टी के पदाधिकारियों का प्रवास होगा। पोल खोल अभियान के साथ ही कल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सभी बूथों पर सुना जाएगा। सभी बूथों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा के पदाधिकारियों सहित केंद्रीय नेतृत्व की भी उपस्थिति रहेगी।

श्री राजन तिवारी ने कहा कि कल होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्री बैजयंत जय पांडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी, नेता प्रतिपक्ष श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और श्री विजय गोयल, सांसद श्री मनोज तिवारी, श्री रमेश बिधूड़ी, श्री प्रवेश साहिब सिंह ,श्री गौतम गंभीर एवं श्री हंसराज हंस, असम के सह-प्रभारी श्री पवन शर्मा, जम्मू-कश्मीर के सह-प्रभारी श्री आशीष सूद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय एवं श्री विजेन्द्र गुप्ता, प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल, श्री हर्ष मल्होत्रा एवं श्री दिनेश प्रताप सिंह सहित प्रदेश के उपाध्यक्ष, विधायक एवं प्रदेश, जिला एवं मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

श्री राजन तिवारी ने कहा कि जिस तरह से भाजपा के पोल खोल अभियान को जनता का समर्थन मिल रहा है, उसकी चिंता आम आदमी पार्टी नेताओं के चेहरे पर साफ दिखाई दे रही है। मुफ्त बिजली की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले केजरीवाल के झूठे और फरेबी वायदों से 84 दंगों में अपनों को खोने वाले सिख परिवार भी नहीं बच पाए और उनके पास लाखों रुपये के बिजली बिल आ रहे हैं, जिसका खुलासा पोल खोल अभियान के तहत हुआ है। उन्होंने कहा कि आज जब भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं तो लोगों का केजरीवाल सरकार के प्रति गुस्सा फूट-फूट कर बाहर निकल रहा है। इसलिए आप नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ता जा रहा है और वे बेतुकी बातें करने लगे हैं।