पार्किंग विवाद में घर में घुसकर युवक की हत्या

Screenshot_20230918-095404.pngसरिता विहार इलाके में शुक्रवार रात कई लड़कों ने पार्किंग विवाद में एक युवक की घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त अर्धेंदू उर्फ अरविंद मंडल (36) के रूप में हुई है। हमले के दौरान बीच-बचाव कराने आई अरविंद की पत्नी रेखा मंडल भी बुरी तरह जख्मी हो गई।

सिर में चोट लगने के बाद रेखा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। हमले के दौरान अरविंद के 15 वर्षीय बेटे ने किसी तरह छिपकर जान बचाई। पुलिस ने बलवा करने, मारपीट और हत्या का मामला दर्ज कर चार आरोपियों को दबोच लिया है।

इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजू पात्रा, रवि उर्फ गुल्लू, शंंभू और एक नाबालिग के रूप में हुई है। वारदात का मुख्य आरोपी मनोज हल्दर और उसका साथी विजय पात्रा उर्फ पोंचू फरार हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, अरविंद अपने परिवार के साथ गली नंबर-9, आली विहार में रहता था। परिवार में पिता गौराचंद मंडल, पत्नी रेखा मंडल, 15 साल का बेटा व अन्य सदस्य हैं। अरविंद प्राइवेट नौकरी करता था। बेटा पब्लिक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। शुक्रवार को वह बेटे के स्कूल गया था।

शाम करीब 5 बजे दोनों पिता-पुत्र कहीं से लौट रहे थे। इस बीच काली मंदिर रोड, प्रियंका कैंप, सरिता विहार के पास मनोज हल्दर नामक लड़के से बाइक खड़ी करने को लेकर अरविंद की कहासुनी हो गई। झगड़े में अरविंद का बेटा बोल पड़ा। इस बात पर मनोज भड़क गया। उसने अरविंद को देख लेने की धमकी दी। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराकर झगड़ा शांत करवा दिया। आरोप है कि रात करीब 9.30 बजे कई लड़के अरविंद के घर पहुंचे। इन लोगों ने हथियारों के साथ अरविंद के घर पर धावा बोल दिया।

आरोपियों ने उसके सीने और हाथ पर चाकू के कई वार किए। रेखा भी हमले में घायल हो गई। उसके बेटे ने किसी तरह से छिपकर जान बचाई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल रेखा को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।