सिसोदिया ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बनाई रणनीति

in #wortheumnews28 days ago

1000068663.pngआम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के जेल से बाहर आने के साथ ही चुनावी गतिविधियां बढ़ गई हैं। सिसोदिया का साथ मिलने से सभी कार्यकर्ता में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है। 17 महीने बाद जेल से बाहर आए सिसोदिया पदयात्रा कर सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं। पदयात्रा के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने का काम भी चल रहा है।

सिसोदिया ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति बनाई है। उनका कहना है कि पदयात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से भाजपा षड्यंत्र के तहत आप के नेताओं को जेल में बंद कर रही है, उससे दिल्ली की जनता में आक्रोश है।

सिसोदिया ने दावा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार से दिल्ली की जनता नाराज है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार चाहती है कि किसी भी तरह से विधानसभा चुनाव तक आप नेताओं को जेल के अंदर बंद रख सके। पहले सत्येंद्र जैन और उन्हें जेल में बंद किया। इसके बाद आप नेता और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को षड्यंत्र रचकर जेल के अंदर बंद कर दिया। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही केजरीवाल भी जेल से बाहर आएंगे। आप किसी भी हाल में भाजपा से डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि आप काम की राजनीति करने के लिए है।

आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक का कहना है कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी दिल्ली में कई अभियान चला रही है। आने वाले समय में और भी कई अभियान चलाए जाएंगे। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आप का कार्यकर्ता सम्मेलन जारी है। अभी तक 18 विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन का सफल आयोजन हो चुका है। सोमवार को छतरपुर में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होगा। हर विधानसभा में जाकर लोगों से जुड़ रहे हैं। उन्हें पिछले साढ़े चार सालों में किए गए काम की जानकारी दे रहे हैं। सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं। विधानसभा स्तर पर बूथ मैपिंग का काम भी जारी है।