IPL 2022: आईपीएल के इस सीजन में एमपी के इन खिलाड़ियों ने भी बिखेरा जलवा

in #wortheum2 years ago

Screenshot 2022-05-29 19-07-56.png

IPL 2022 का 29 मई को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। 10 टीमों में करीब 204 खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें से 137 भारतीय खिलाड़ी थे। इन 137 खिलाड़ियों में मध्य प्रदेश के पांच खिलाड़ी भी आईपीएल 2022 का हिस्सा रहे, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुर्खियां बटोरी। आइए आपको मध्य प्रदेश के उन पांच खिलाड़ियों से मिलवाते हैं।

Screenshot 2022-05-29 19-07-59.png

आवेश खान
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जन्में आवेश खान आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक थे। आवेश का जन्म 13 दिसंबर 1996 को इंदौर में हुआ था। आवेश ने 14 अप्रैल 2017 को इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से आईपीएल में इंट्री की थी। 5 फरवरी 2018 को उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की ओर से लिस्ट-ए क्रिकेट में पदार्पण किया। आवेश के पिता आशिक खान की इंदौर में पान की दुकान चलाते हैं। आवेश के पिता का सपना बेटे को टेस्ट मैच खेलते देखना है। आवेश ने एडवांस्ड एकेडमी से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद रेनेसा कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट से बीकॉम किया है। आवेश बचपन से ही सिर्फ क्रिकेट खेलने की जिद करते थे। आज भी वे सारे काम छोड़कर क्रिकेट पर ही फोकस करते हैं। हर दिन करीब 10 घंटे प्रैक्टिस को देते हैं।

Screenshot 2022-05-29 19-08-02.png

कुलदीप सेन
आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी कुलदीप सेन मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं। कुलदीप का जन्म रीवा के एक छोटे से गांव में हुआ था। उनके पिता बाल काटने का काम करते हैं। कुलदीप ने महज आठ साल की उम्र में क्रिकेट का बैट हाथों में थाम लिया था। कुलदीप बतौर बल्लेबाज अपना करियर बनाना चाहते थे, लेकिन कोच की सलाह पर उन्होंने तेज गेंदबाजी शुरू की। कुलदीप ने जिस एकेडमी में क्रिकेट सीखा, उसने उनकी फीस भी माफ कर दी, ताकि वो अपना सपना पूरा कर सकें। 2018 में कुलदीप ने पहला प्रथम श्रेणी मैच खेला। वे मध्य प्रदेश की रणजी टीम का हिस्सा बने। बाद में उन्होंने इसी टीम के लिए टी-20 मैच भी खेला। अपने पहले रणजी सीजन में उन्होंने 25 विकेट लिए, जिसमें पंजाब के खिलाफ एक पारी में लिए गए पांच विकेट भी शामिल थे। इसके बाद भी उनका शानदार प्रदर्शन जारी है।

Screenshot 2022-05-29 19-08-04.png

कुमार कार्तिकेय
मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी कुमार कार्तिकेय ने क्रिकेट में करियर बनाने के लिए काफी संघर्ष किया है। आईपीएल 2022 के लिए मुंबई इंडियंस ने उन्हें 20 लाख रुपये के बेस प्राइज पर खरीदा था। यूपी के रहने वाले कुमार कार्तिकेय मध्य प्रदेश के लिए खेलते हैं। क्रिकेट के लिए उनकी दीवानगी का अंदाजा इस बात से ही लग जाता है कि उन्होंने क्रिकेट खेलने के लिए महज 15 साल की उम्र में अपना घर छोड़ दिया था। कार्तिकेय के पिता यूपी पुलिस में कार्यरत हैं। जब कार्तिकेय 11 साल की उम्र में पड़ोस के बच्चों के साथ क्रिकेट खेला करते थे तो लोग उनके पिता को बेटे को क्रिकेट एकेडमी भेजने की सलाह दिया करते थे। कमला क्लब में सिलेक्शन होने के बाद कार्तिकेय ने अकेले रहकर शशिकांत खांडेकर की देखरेख में क्रिकेट के गुर सीखे और यूपी-16 टीम में चयनित हुए लेकिन एसोसिएशन की टेक्निकल दिक्कतों के कारण टीम के साथ नहीं जा सके। क्रिकेट कोच रोहन कन्हाई ने कार्तिकेय का प्रदर्शन देखा, तो उसे अपने साथ दिल्ली ले गए और लाल बहादुर स्टेडियम में प्रवेश दिलाया। जहां कार्तिकेय ने गौतम गंभीर जैसे दिग्गज बल्लेबाजों से प्रशिक्षण लिया। कार्तिकेय को 2017 में मध्य प्रदेश भेजा गया। यहां उसका चयन एमपी की अंडर-23 टीम में हो गया। एक-दो मैच खेलने के बाद वह रणजी टीम में शामिल हो गया। पिछले तीन सालों से वे रणजी टीम का हिस्सा हैं।

Screenshot 2022-05-29 19-08-07.png

रजत पाटीदार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी रजत पाटीदार मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के निवासी हैं। रजत का जन्म एक जून 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। आठ साल की उम्र में उन्होंने क्लब क्रिकेट खेलना शुरू किया था। रजत के दादा ने उन्हें क्रिकेट एकेडमी में भर्ती कराया था। एक गेंदबाज के तौर पर क्रिकेट शुरू करने वाले रजत अंडर-15 के दिनों में बल्लेबाज बन गए। कोच ने उन्हें बल्लेबाजी करने की सलाह दी। यह फैसला सही साबित हुआ। सचिन तेंदुलकर को देखकर क्रिकेट शुरू करने वाले रजत को फुटबॉल भी पसंद है। रजत ने 2015-16 सीजन में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। आठ जनवरी 2018 को उन्होंने जोनल टी20 लीग में मध्य प्रदेश के लिए पहला टी20 मैच खेला था। 2018-19 सीजन में रजत ने मध्य प्रदेश के लिए रणजी में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। तब उन्होंने आठ मुकाबलों में 714 रन बनाए थे। अगस्त 2019 में उन्हें इंडिया ब्लू की टीम में दिलीप ट्रॉफी के लिए शामिल किया गया। फरवरी 2021 में आरसीबी ने उन्हें पहली बार खरीदा और नौ अप्रैल 2021 को मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में डेब्यू करने का मौका मिला।

Screenshot 2022-05-29 19-08-09.png

वेंकटेश अय्यर
आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर मध्य प्रदेश के इंदौर से हैं। उनका पूरा नाम वेंकटेश राजशेखर अय्यर है। वेंकटेश एक भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं, जो अपनी घरेलू क्रिकेट टीम मध्य प्रदेश और आईपीएल क्रिकेट टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं। इनका जन्म 25 दिसंबर 1994 को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में हुआ था। अय्यर ने नवंबर 2021 में इंडिया क्रिकेट टीम के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शुरुआत की। वेंकटेश अय्यर आज भारत के उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कम समय में ही लोगों के दिलों में अपनी खास पहचान बना ली है। वेंकटेश की उपलब्धियां की बात करें तो अय्यर को विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने चलते भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। अय्यर उन चुनिंदा क्रिकेट खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने क्रिकेट के शुरुआती मैचों में चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी और आकर्षित करने में कामयाबी हासिल हुई ।