छह दिन से लापता वृद्धा का तालाब में मिला शव

in #wortheum2 years ago

डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के पूरे खुशियाल मजरा बरुआ गांव के बाहर स्थित तराई तालाब में छह दिन से लापता वृद्धा का शव पाया गया। घरवालों ने बताया कि वह मनोरोगी थीं, इसलिए अक्सर घर से निकल जाती थीं।

कुंवरमऊ गांव की रहने वाली धरमू देवी (74) दो माह पहले अपनी बहन गयाश्री के यहां डीह थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव आई थीं। बुधवार को उनकी बहन रायबरेली दवा लेने चली गई। दोपहर में धरमू देवी घर से निकल गईं। शाम तक वापस न आने पर उनके भतीजे संतोष कुमार ने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

डीह थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई। सोमवार को बरुआ गांव के पास तालाब में उनका शव मिला। इससे घर वालों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष पंकज सोनकर ने बताया कि वृद्धा मनोरोगी बताई जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उनकी मौत तालाब में गिरकर या फिर और किसी वजह से हुई है, इसकी जांच कराई जा रही है।