मौसम विभाग ने चेताया, दिल्ली वालों का एक सप्ताह गर्मी से रहेगा बुरा हाल

in #wortheum2 years ago

दिल्ली वालों को अभी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में अभी एक सप्ताह तक गर्मी से लोगों का बुरा हाल रहेगा। हालांकि, लू नहीं चलने से थोड़ी राहत मिल सकती है।
राजधानी में एक बार फिर अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि एक सप्ताह उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, लू नहीं चलने से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में अधिकतम पारा सामान्य के बराबर 40.2 व न्यूनतम सामान्य के बराबर 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर तेज धूप के कारण लोगों का गर्मी से बुरा हाल रहा। हवा में नमी का स्तर 36 से 62 फीसदी तक दर्ज किया गया। पीतमपुरा इलाके में सबसे अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। मुंगेशपुर में 42.2 व स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 42.2 डिग्री दर्ज किया गया।
स्काईमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के मुताबिक, पूरे सप्ताह गर्मी बढ़ने के साथ उमस बढ़ेगी। हालांकि, पश्चिमी हवा के साथ बीच-बीच में पूर्वी दिशा से भी हवा आएंगी, जिससे लू वाली स्थिति नहीं बनेगी। वैज्ञानिक ने बताया कि आगामी दिनों में लगातार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, लेकिन इसका असर मैदानी इलाकों से ज्यादा पहाड़ी इलाकों में देखने को मिलेगा।