दिल्ली के तीनों नगर निगमों के विलय की अधिसूचना जारी, रविवार को होगा विलय
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली के सभी तीन नगर निगमों को एक बनाने वाली अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी। अधिसूचना के अनुसार, 22 मई यानी रविवार से दिल्ली में अब औपचारिक तौर पर केवल एक नगर निगम होगा। विलय के बाद बनने वाली संस्था का नाम 'दिल्ली नगर निगम' या 'म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ऑफ़ दिल्ली' होगा।
इससे पहले 18 अप्रैल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तीनों नगर निगमों को एक बनाने वाले क़ानून को अपनी मंज़ूरी दी थी। उससे पहले संसद से दिल्ली नगर निगम (संशोधन) अधिनियम, 2022 नाम का यह क़ानून पारित हो गया था।
मालूम हो कि बुधवार को दक्षिण दिल्ली नगर निगम का कार्यकाल पूरा हो गया है। उत्तर दिल्ली नगर निगम का कार्यकाल गुरुवार को पूरा हो जाएगा और पूर्वी दिल्ली नगर निगम का रविवार को। इस क़ानून में प्रावधान है कि जब तक दिल्ली नगर निगम का चुनाव नहीं हो जाता, तब तक एक विशेष अधिकारी के नेतृत्व में काम होगा।