जयपुर: बौद्ध धर्म की साझी विरासत भारत-जापान के नागरिकों को जोड़ती है: ओम बिरला

in #wortheum2 months ago

नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत और जापान की सभ्यताओं में बौद्ध धर्म की साझी विरासत है, जो दोनों देशों के नागरिकों को आपस में जोड़ती है। बौद्ध धर्म से जुड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए प्रतिवर्ष जापान से भारत आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या बढऩे पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बिरला ने कहा, इससे दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी समझ विकसित होती है।

बिरला ने यह बातें संसद भवन परिसर में जापान के हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के स्पीकर नुकागा फुकुशिरो के साथ बैठक के दौरान कहीं। जापानी संसदीय शिष्टमंडल भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर है। बिरला ने फुकुशिरो को बताया कि नए संसद भवन के पहले सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए। बजट सत्र को सबसे महत्वपूर्ण सत्र बताते हुए उन्होंने भारत की बढ़ती आर्थिक प्रगति का उल्लेख किया। बिरला ने जापानी शिष्टमंडल को सूचित किया कि इस वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में लगभग 65 करोड़ मतदाताओं ने भाग लिया।
बिरला ने जापानी शिष्टमंडल को बताया कि भारत की निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की ओर से सम्पन्न करवाई जाती है, जो स्वयं एक संवैधानिक संस्था है। उन्होंने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग का स्वच्छ, स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने का रेकॉर्ड रहा है। बिरला ने कहा कि वर्ष 1947 में आजादी के बाद से भारतीय लोगों ने लोकतंत्र के माध्यम से अपने देश का विकास किया है। उन्होंने कहा, देश में मजबूत और पारदर्शी सरकार होने के कारण आर्थिक निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं। राज्यों में भी निवेश के पर्याप्त अवसर हैं। बिरला ने कहा कि भारत में कई जापानी कंपनियां कार्य कर रही हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आर्थिक निवेश और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दोनों देशों का आपसी सहयोग और बढ़ता रहेगा।