अखिलेश यादव के विवादित बयान पर प्रदेश में हंगामा, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन,

in Lucknow Mandal News4 days ago

लखनऊ 14 सितम्बर:(डेस्क)समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा मठाधीशों और माफियाओं को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक घमासान खड़ा कर दिया है। भाजपा और इसके सहयोगी संगठनों ने इस बयान का जमकर विरोध किया और पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग की।

WhatsApp Image 2024-08-12 at 14.46.10_e8fef90b.jpg

लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन

लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज में अखिलेश यादव का पुतला जलाकर अपना विरोध जताया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अहंकार नहीं करना चाहिए और हिंदू धर्मगुरुओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वो वक्फ बोर्ड पर बोलकर दिखाएं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज का हिंदू चुप नहीं बैठेगा और वो हिंदुओं को गाली देने की राजनीति कर रहे हैं। उन्हें इसके लिए देश के सभी हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।

मेरठ में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

मेरठ में भाजपा कार्यकर्ता अखिलेश यादव के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे उग्र हो गए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ताओं ने कमिशनरी चौराहे से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अखिलेश यादव पर कार्रवाई की मांग की।

कानपुर में भाजयुमो का प्रदर्शन

कानपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने यशोदानगर चौराहे पर प्रदर्शन किया। युवा नेता अंकित गुप्त के नेतृत्व में अखिलेश यादव का पुतला फूंका गया और पार्टी के झंडे जलाए गए। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए कि अखिलेश यादव को शर्म आनी चाहिए।