भारत ने श्रीलंका को आठ विकेट से हराया, सातवीं बार महिला एशिया कप जीता

in #woman2 years ago

महिला एशिया कप के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को आठ विकेट से हरा दिया है। टीम इंडिया लगातार सातवीं बार चैंपियन बनी है। दोनों टीमें पांच बार एशिया कप के फाइनल में भिड़ी हैं और हर बार भारत ने श्रीलंका को हराया है। भारत ने सबसे ज्यादा सात बार यह टूर्नामेंट जीता है, जबकि श्रीलंका की टीम पांचवीं बार फाइनल में हारी है। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 66 रन का लक्ष्य रखा और टीम इंडिया ने दो विकेट खोकर इसे हासिल कर लिया।

भारत ने आठ विकेट से जीता मैच

भारत ने महिला एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को आठ विकेट से हरा दिया है। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट खोकर 65 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने 8.3 ओवर में दो विकेट खोकर 71 रन बनाए और मैच आठ विकेट से जीत लिया। स्मृति मंधाना ने छक्के के साथ मैच खत्म किया। उन्होंने 25 गेंदों में 51 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और तीन छक्के निकले। कप्तान हरमनप्रीत 14 गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका के लिए कविशा दिलहारी और रणवीरा ने एक-एक विकेट लिया।

गेंदबाजी में भारत के लिए रेणुका सिंह ने तीन विकेट लिए थे, जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ और स्नेह राणा को दो-दो विकेट मिले थे। वहीं, श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 18 रन रणवीरा ने बनाए। उनके अलावा सिर्फ राणासिंघे ही दहाई का आंकड़ा छू पाईं, जिन्होंने 13 रन बनाए।

अब तक आठ बार महिला एशिया कप का आयोजन हुआ है और भारतीय टीम हर बार फाइनल में पहुंची है। सात बार उसे जीत मिली है, जबकि 2018 में बांग्लादेश ने फाइनल में भारत को हराकर यह यूर्नामेंट जीता था।ind-vs-sl_1665825946.jpeg