बेतवा नदी में नहाते समय भाजपा जिला अध्यक्ष सहित तीन लोग डूबे, होमगार्ड जवानों ने बचाया

in #vidisha2 years ago

01_09_2022-vidisha_betwa_bjp_leaders.jpg बाढ़ वाले गणेश मंदिर के पास उफनती बेतवा में नहाने गए भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जादौन सहित दो कार्यकर्ता पानी में डूब गए, उन्हें मौके पर मौजूद दो होमगार्ड जवानों ने बचा लिया। घटना गुरुवार शाम की है। फिलहाल जिलाध्यक्ष सहित एक कार्यकर्ता को मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया है।
गणेशोत्सव के दौरान बाढ़ वाले गणेश मंदिर पर दिन भर श्रद्धालुओं का जाना लगा रहता है। शाम के समय भगवान गणेश के दर्शनों के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जादौन, भाजपा नेता तेजिंदर सिंह बन्नू और बासौदा के कार्यकर्ता यशपाल सिंह रघुवंशी भी मंदिर पहुंचे थे। मंदिर में दर्शन करने के बाद वे नहाने चले गए। बेतवा पर एक छोटा स्टाप डैम बना हुआ है। नहाते हुए वे घाट से काफी दूर तक चले गए और स्टाप डैम से गिरते पानी के बीच फंस गए।
तेजिंदर सिंह किसी तरह तैरकर दूर शांत पानी में चले गए लेकिन जिलाध्यक्ष जादौन और यशपाल सिंह झरने के निचले हिस्से में डूबते चले गए। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड जवान माधवसिंह कुशवाह और कैलाश विश्वकर्मा ने उन्हें बचाने बेतवा में छलांग लगाई और लाइफ जैकेट की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पानी में डूबने के कारण भाजपा जिलाध्यक्ष के पेट में पानी चला गया था, होमगार्ड टीम ने उनके पेट से पानी निकाला और उन्हें तत्काल मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।यहां तेजिंदर सिंह बन्नू को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई लेकिन यशपाल सिंह और जिलाध्यक्ष जादौन अब भी मेडिकल कालेज में भर्ती हैं। जादौन को सांस लेने में परेशानी है, उन्हें आइसीयू में भर्ती किया गया है। होमगार्ड एएसआई एलके विश्वकर्मा ने बताया कि घाट पर जवान तैनात रहते हैं, इसलिए मौजूद जवानों ने तत्काल उन्हें बचा लिया।

नेताओं ने होमगार्ड जवानों की नहीं सुनी

लगातार वर्षा के कारण विदिशा में बेतवा उफान पर है इसलिए नदियों में इस वक्त नहाने पर प्रतिबंध है। घाटों पर होमगार्ड की रेस्क्यू टीम भी तैनात रहती है। बाढ़ वाले गणेश मंदिर पर भी टीम तैनात थी। गुरुवार शाम को जब जिलाध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ नहाने जा रहे थे तब दोनों जवानों ने उनसे वहां नहीं नहाने का बार बार अनुरोध भी किया लेकिन जिलाध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं ने होमगार्ड जवानों की एक न सुनी और उन्हें वहां से चले जाने को कहा। कुछ ही देर बार ये हादसा हो गया, यदि होमगार्ड के दोनों जवान मौके पर नहीं रहते तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
एक दिन पहले ही आए थे सीएम

रंगई स्थित बाढ़ वाले गणेश मंदिर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की अगाध आस्था हैं । वे बुधवार रात को ही यहां दर्शन करने आए थे। गणेशोत्सव के दौरान मंदिर में अनुष्ठान और विशेष पूजा होती है, पूर्व नपाध्यक्ष मुकेश टंडन दस दिन तक सुबह से रात तक मंदिर में ही रहकर सेवा करते हैं। इस दौरान रोजाना भाजपा कार्यकर्ता मंदिर आते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष भी बासौदा से अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ गुरुवार को मंदिर पहुंचे थे।