UP में मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 9 नवंबर से, अधिकारियों के तबादले पर लगी रोक

in #up2 years ago

IMG-20221107-WA0001.jpg
उत्तर प्रदेश में एक जनवरी, 2023 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के साथ ही इसका संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान बुधवार 9 नवंबर से शुरू होगा। मैनपुरी लोकसभा, रामपुर व खतौली विधानसभा जहां उपचुनाव हो रहे हैं वहां संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान नहीं चलाया जाएगा। पांच जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। इस दौरान पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों के तबादले नहीं किए जा सकेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि नौ नवंबर को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का ड्राफ्ट प्रकाशन होगा। नौ नवंबर से आठ दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। मतदान केंद्रों पर मतदाता पंजीकरण के लिए 12 नवंबर शनिवार, 20 नवंबर रविवार, 26 नवंबर शनिवार एवं चार दिसंबर रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। 26 दिसंबर को दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। पांच जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।