जहां से चले थे पत्थर, प्रयागराज में वहां पहुंचा बुलडोजर...कानपुर में तोड़े गए अवैध निर्माण

in #up2 years ago

उत्तर प्रदेश में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा के मामले में अब पुलिसिया कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रयागराज में शुक्रवार को दोपहर बाद जिन इलाकों से पत्थर चले थे, वहां पर बुलडोजर पहुंच गया है। पत्थरबाजों की पहचान कर अवैध निर्माण को ढहाने का कार्य शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
1654991878808.jpeg
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में अब उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद जिस प्रकार से प्रयागराज में हिंसा हुई, उसको देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने कड़े ऐक्शन के निर्देश जारी किए। शुक्रवार को हिंसाग्रस्त इलाकों में माहौल को शांत करने में डीएम समेत कई अधिकारी घायल हुए। एडीजी प्रेम प्रकाश और कमिश्नर को लाठी भांजते देखा गया। अब अटाला चौक के आसपास के इलाकों में जहां से पत्थरबाजी हुई थी, वहां बुलडोजर पहुंच गई है। उपद्रवियों की पहचान कर अवैध निर्माणों को ढाहने की तैयारी की जा रही है। वहीं, कानपुर में 3 जून की हिंसा मामले में शनिवार को शासन की कार्रवाई हुई। हिंसा के मास्टरमाइंड जफर हयात हाशमी के एक करीबी के मकान पर बुलडोजर चला है। योगी सरकार ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

यूपी पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। प्रयागराज में उपद्रव वाले इलाकों में दो बुलडोजर पहुंच गए हैं। लोगों से मकान के दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रशासन अवैध निर्माणों पर बुलडोजर का ऐक्शन कर सकता है। लोगों से दस्तावेजों की मांग कर उपद्रवियों को भी चिन्हित करने की कोशिश की जा रही है। उपद्रवियों पर सख्त ऐक्शन की तैयारी की जा रही है। यूपी में हुई हिंसा के मामले में अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि प्रशासन और पुलिस की ओर से सभी जिलों में धर्मगुरुओं से बातचीत कर माहौल को शांत करने की कोशिश की गई। सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई। लोगों को समझाया गया। पूरे प्रदेश में चार से पांच स्थानों पर भीड़ जुटी और उपद्रव की कोशिश की गई।
पत्थरबाजों पर होगी सख्त कार्रवाई
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सहारनपुर में भी भीड़ बाहर निकली थी, उन्हें समझा-बुझाकर भेज दिया गया। मुरादाबाद और फिरोजाबाद में भी हल्की-फुल्की घटनाओं की रिपोर्ट आई है। प्रयागराज में भीड़ अधिक एकत्र हो गई। नए लड़के ज्यादा इकट्‌ठा हो गए। उन्होंने पत्थरबाजी की। प्रशासन ने यहां स्थिति को काबू में कर लिया है। धर्मगुरुओं से अपील गई है। पत्थरबाजों से घर जाने की अपील की गई है। सभी को घर जाने की अपील की गई है। प्रशासन की ओर से पत्थरबाजी कर रहे 15 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।