बसहा झील का होगा सुंदरीकरण

in #unnao2 years ago

19 मई को सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने ग्राम पंचायत असेहरू पहुंचकर निर्माणाधीन अमृत सरोवर का स्थलीय निरीक्षण किया था। इस दौरान पता चला कि सरोवर की खुदाई का कार्य बसहा झील में ही कराया जा रहा है। इसी बीच सीडीओ को जानकारी हुई कि झील में अनाधिकृत लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। जिससे झील अपना स्वरूप खोती जा रही है। सीडीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खुलासा हुआ कि झील कई हेक्टेअर में फैली हुई है। कुछ लोगों द्वारा झील को सुखाकर खेती की जा रही है। उसके बगल में ही सरोवर बनाकर शेष झील की जमीन को भी हड़पने की तैयारी की गई। इससे झील के अस्तित्व पर ही संकट खड़ा हो गया। जिसे गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि बसहा झील के पुराने स्वरूप को वापस लौटाया जाएगा। इसकी पूरी भूमि को कब्जामुक्त कराकर सुंदरीकरण कराया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि झील कितने परिक्षेत्र में फैली हुई है और उसकी कितनी भूमि पर कब्जा करके खेती की जा रही है इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति में एसडीएम हसनगंज, बीडीओ पुरवा व अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग पुरवा को शामिल किया गया है। समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया है कि वह ड्रोन कैमरे से बसहा झील की संपूर्ण भूमि की पैमाइश कराकर अनाधिकृत कब्जेदारों का चिह्नांकन करा लें। साथ ही इसकी डीपीआर तैयार करके 23 मई तक उपलब्ध करा दें। सीडीओ ने बताया कि बुधवार से मनरेगा से झील की खुदाई कार्य की शुरुआत कराई जाएगी। इसके बाद अभियान चलाकर अन्य कार्य कराए जाएंगे। जिसे झील का पुराना स्वरूप वापस लौट सके।