कृषि मंडी में किसानों ने उपज के तोल में चोरी का आरोप लगाया, प्रति क्विंटल 7 किलो की गड़बड़ी

in #ujjain2 years ago

लोकेशन-उज्जैन

IMG-20220524-WA0015.jpgउज्जैन की चिमनगंज कृषि उपज मंडी में सोमवार को किसानों ने उपज के तोल को लेकर हंगामा कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया है कि यहां उपज के तोल में चोरी हो रही है।इस तरह किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है।किसानों ने यहां तक कह दिया कि नापतोल विभाग की मिलीभगत से चोरी हो रही है। कलेक्टर से मांग की है कि तुरंत इन्हें सस्पेंड करें।

किसान संघ के अशोक जाट ने कहा सोमवार को किसान गोपाल पटेल उपज की तुलाई करवा रहे थे।उनकी एक क्विंटल की बोरी का वजन व्यापारी कांटे पर 90 किलो आया। आशंका होने पर उन्होंने किसान संघ को फोन कर इसके बारे में बताया। यहां आकर देखा तो 97 किलो उपज को व्यापारी का कांटा 90 किलो बता रहा था। यहां रिमोट से इस तरह तुलाई में गड़बड़ की जाती है। जाट ने कहा नापतोल विभाग के अधिकारी भ्रष्ट हैं उन्हीं के भ्रष्टाचार के चलते उपज की चोरी हो रही है। जाट ने कहा कलेक्टर से मांग की है कि 24 घंटे में नापतोल विभाग के अधिकारियों को सस्पेंड किया जाए। वर्ना किसान संघ धरना प्रदर्शन और सड़क जाम करेंगे। किसानों के हंगामे की सूचना पर नापतोल विभाग के अधिकारी मंडी पहुंचे। नापतोल निरीक्षक संजय पारिख ने कहा किसानों के आरोप बेबुनियाद है। विभाग अपना कार्य कर रहा है ।समय-समय पर कांटो की जांच की जाती है। अब तक कभी किसानों की शिकायत नहीं आई।आज पहली बार उपज तुलाई में शिकायत मिली है।इसमें जो भी जिम्मेदार होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।