अपनी बेटी की निगरानी में सुरक्षित हैं नरवर राजघराने की रानी, पुलिस ने खुद सौंपा था
. नरवर राजघराने की 94 वर्षीय रानी अनिला झाला के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आने के बाद उनके परिवार से दूसरा पक्ष सामने आया है। दरअसल, अनिला झाला उनकी खुद की बेटी विभा देवी की निगरानी में सुरक्षित हैं। उनकी देखरेख विभा देवी और अन्य स्वजन कर रहे हैं। नवंबर 2021 में स्वयं पुलिस ने अनिला झाला को बेटी विभा देवी के सुपुर्द किया था।
पुलिस के अनुसार, रानी अनिला झाला के गायब होने जैसी कोई बात नहीं है। दरअसल, परिवार में ही भूमि को लेकर आपसी विवाद चल रहा है। इसलिए आए दिन परिवार के ही दो पक्ष शिकायतें करते हैं। अक्टूबर 2021 में रानी अनिला झाला अपनी बेटी विभा देवी के साथ नरवर से गई थीं। उनकी बहू और पोते ने गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। बाद में अनिला झाला ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कहा था कि वे अपनी बेटी विभा देवी के साथ रहना चाहती हैं।
अनिला झाला ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि वे अपनी मर्जी से विभा देवी के साथ रहना चाहती हैं। स्वजन के अनुसार, भूमि विवाद को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनती हैं। इसलिए वे नरवर नहीं रहना चाहतीं। उनके गायब होने की अफवाह परिवार के ही कुछ लोगों ने फैलाई है। इसकी शिकायत भी अधिकारियों से की जाएगी।