राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री सहित तमाम राजनेताओं ने 'मिसाइल मैन' को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में कृतज्ञ राष्ट्र ने बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की सातवीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके देश के लिए किए गए अतुल योगदानों तथा राष्ट्र को समर्पित जीवन को याद किया।
रामेश्वरम में 15 अक्टूबर 1931 को जन्मे ‘मिसाइल मैन' के रूप में विख्यात देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने चार दशकों तक रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को वैज्ञानिक और विज्ञान के व्यवस्थापक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम और सैन्य मिसाइल विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने परमाणु परीक्षण में निर्णायक, संगठनात्मकऔर तकनीकी भूमिका निभाई। डॉ कलाम का अवसान 27 जुलाई 2015 को हुआ। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम को सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी सम्मनित किया गया।