ताजमहल पर बढ़ती भीड़ को देख पुरातत्व विभाग का निर्णय, 13 से 15 अगस्त तक मुख्य गुम्बद में प्रवेश नहीं

in #tajmahal2 years ago

Screenshot_20220717-150026_Gallery.jpg

आगरा। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा देश की सभी पुरातत्व स्मारकों को 5 से 15 अगस्त तक पर्यटकों के लिए बिल्कुल निशुल्क रखा गया है। आम लोगों को इसकी जानकारी होने के बाद पर्यटक स्थलों पर टूट पड़े हैं। आगरा के ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी सहित सभी पर्यटक स्थलों पर जन सैलाब उमड़ पड़ा है। आगरा पुलिस को जनसमूह को कंट्रोल करने के लिए लाठियां भी भांजनी पड़ रही हैं। अब ताजमहल पर बढ़ती भीड़ को देखकर पुरातत्व विभाग ने एक बड़ा निर्णय लिया है। पर्यटक अब 13, 14 और 15 अगस्त को ताजमहल के मुख्य गुंबद पर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
ताजमहल में उमड़ रही भीड़ से पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने 13, 14, 15 अगस्त को मुख्य गुम्बद को बंद रखने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत एएसआई ने देशभर के स्मारकों में प्रवेश निःशुल्क कर रखा है। ताजमहल और उसके मुख्य गुम्बद में भी निःशुल्क प्रवेश दिया जा रहा था। लेकिन बेक़ाबू होती भीड़ के कारण मुख्य गुम्बद में अंतिम तीन दिन प्रवेश न देने का निर्णय लिया गया।
शनिवार से सोमवार तक चमेली फर्श के ऊपर स्थित मुख्य मकबरे में पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इससे पर्यटक शाहजहां और मुमताज की कब्रों का दीदार नहीं कर पाएंगे।
Screenshot_20220812-234517_Gallery.jpg

ताजमहल के दीदार को प्रतिदिन औसतन 50 हजार पर्यटक आ रहे हैं। गुरुवार को तो 70 हजार से अधिक पर्यटक आए। पश्चिमी गेट पर बेकाबू भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कई बार लाठियां फटकारने की नौबत आई थी। लंबी लाइनें स्मारक के पूर्वी व पश्चिमी द्वार के अतिरिक्त चमेली फर्श पर भी मुख्य गुम्बद पर जाने को लगीं। गुरुवार को तो अंधेरा होने के बाद मुख्य गुम्बद में शाहजहां व मुमताज की कब्र वाले कक्ष में रोशनी के अभाव में मोबाइल फोन की टार्च जलाकर पर्यटकों ने किसी तरह स्मारक देखा था। बच्चों को लोग कंधों पर बैठाकर भीड़ से बचाते हुए नजर आए थे।

अधीक्षण पुरातत्वविद् डा.राजकुमार पटेल ने बताया कि चमेली फर्श से मुख्य मकबरे की ऊंचाई अधिक है। स्मारक फ्री होने से भीड़ उमड़ रही है। इस स्थिति में कोई हादसा नहीं हो, इसके लिए दिल्ली मुख्यालय को ताजमहल के मुख्य मकबरे को बंद रखे जाने का प्रस्ताव भेजा गया था। शनिवार से सोमवार तक मुख्य गुम्बद बंद रहेगा।