हिंदी भाषा में निहित समस्त विश्व का भाव

in #sultanpur2 years ago

sultanpur_1638339982.jpeg
सुल्तानपुर। जिले में बुधवार को शिक्षण संस्थानों में हिंदी दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने गीत, भाषण व नृत्य प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने हिंदी की उपयोगिता के बारे में छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी।
शहर के डाकखाना चौराहा स्थित रामराजी सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में हिंदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। आचार्य बिंदु सिंह ने कहा कि मनुष्य बड़ा ही भाग्यशाली है जो भाषा को अभिव्यक्त करता है। हिंदी प्रवक्ता मंजुला गुप्ता ने कहा कि हिंदी एक सरल भाषा है। यदि हम अपनी मां और मातृभूमि को नहीं छोड़ सकते तो अपनी मातृभाषा को कैसे छोड़ सकते हैं। इस मौके पर प्रधानाचार्य रेखा सिंह समेत सभी आचार्य व छात्राएं मौजूद रहीं।
सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विवेकानंद नगर में हिंदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सर्वादीन पांडेय ने कहा कि हिंदी हिंद की बिंदी है। हिंदी भाषा के विकास से ही विश्व का कल्याण संभव है। वंदना सभा में छात्र-छात्राओं ने हिंदी पर केंद्रित व्याख्यान, गीत व मुक्तक प्रस्तुत किए।
साथ ही विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य राज नारायण शर्मा, रवींद्र तिवारी, महेश शुक्ल व शालिनी मिश्र ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। इस मौके पर प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार, रंजना पांडेय, राज नारायण शर्मा, लक्ष्मी नारायण शुक्ल, कृष्ण कुमार सिंह, श्रद्धा सिंह व ज्योति त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।
कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड एजूकेशन करौंदिया में हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के हिंदी अध्यापक देवब्रत सिंह ने कहा कि हिंदी सबसे सरस व मधुर भाषा है। इस भाषा में समस्त विश्व का भाव निहित है। प्रधानाचार्य डॉ. एनडी सिंह ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है। इसे बोलने में लेश मात्र भी संकोच नहीं करना चाहिए।
संतोष पांडेय ने प्रधानाचार्य को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर तन्वी गोयल, रेनू सिंह, सीबी सिंह, आशीष शुक्ला, रंजना पांडेय, अंकिता सिंह, विश्वास मणि त्रिपाठी, सुनील राठी, जया मिश्रा, विभा पांडेय समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। अंत में विद्यालय की प्रबंधक आशा सिंह ने सभी विद्यार्थियों व शिक्षक-शिक्षिकाओं को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जयसिंहपुर विकास क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर में हिंदी दिवस पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं की ओर से विभिन्न प्रकार के पेड़ की पत्तियों और फूलों से रंगोली बनाई गई। कक्षा आठ की छात्राओं महक वर्मा, प्रियांशी वर्मा, अदिति यादव, रानी दुबे, अंकिता वर्मा, शिखा यादव और कक्षा सात की छात्राओं रिशु मिश्रा, आकांक्षा प्रजापति, श्रद्धा मिश्रा, गौरी पाल, श्वेता पांडेय व अंशु मिश्रा ने रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में कक्षा आठ की छात्राओं को प्रथम व सात की छात्राओं को दूसरा स्थान मिला। सभी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। प्रधानाध्यापक अविनाश चंद्र श्रीवास्तव ने हिंदी दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर सहायक अध्यापक जितेंद्र कुमार मौर्य, अखिलेश मिश्र, अनुदेशक गौरव कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।