यातायात नियमों के उल्लंघन पर शुरू हुआ ई डिवाइस से चालान

in #started2 years ago

Yatayat (1).jpg

  • यातायात पुलिस ने शुरू की ई डिवाइस से चलानी कार्रवाई
  • एंड्रायड मोबाईल के पूरे फीचर है ई डिवाईस चालान मशीन में

मंडला। यातायात पुलिस द्वारा लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए शहर में यातायात व्यवस्था बनाने में लगातार कार्यरत है। जिले की यातायात व्यवस्था को और प्रभावी रूप से कारगर बनाने के लिए यातायात पुलिस को 30 ई-डिवाईस चालान मशीन प्रदाय की गई है। इस मशीन के माध्यम से अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का ई चालान डिवाइस से चालानी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस ई डिवाईस चालान मशीन को जिले के सभी थानों में दिया गया है। जहां यातायात का उल्लंघन करने वालों का ई डिवाईस से चालान काटा जाएगा। ई चालान डिवाइस के संचालन के लिए मंडला पुलिस कंट्रोल रूम में विगत दिवस प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

यातायात थाना प्रभारी सुभाष बघेल ने बताया कि यातायात पुलिस के द्वारा अब ई डिवाइस पीओएस मशीन से चलानी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय डिंडोरी नाका पर यातायात पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के दौरान डिवाइस मशीन से चालान काटे। जिला पुलिस मंडला को 30 ई डिवाइस चालान मशीन प्रदाय की गई है। जिसके प्रशिक्षण के बाद अब प्रत्येक थानों पर वाहनों की चालानी कार्यवाही में ई डिवाइस का उपयोग किया जायेगा। चालानी कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर भी उपस्थित हुए। यातायात सूबेदार योगेश राजपूत ने बताया कि अब चलानी कार्रवाई में ऑनलाइन मशीन का प्रयोग किया जाएगा, जिससे चालान की हिस्ट्री भी उपलब्ध रहेगी, वाहन चालक कितनी बार किस नियम का उल्लंघन कर रहा है यह रिकार्ड भी पुलिस के पास फोटो समेत रहेगा।

Yatayat (2).jpg

  • ऐसे किया जा रहा ई डिवाइस का प्रयोग :
    यातायात सूबेदार योगेश राजपूत ने बताया कि इस डिवाइस में वाहन का नंबर फीड करने के बाद इस डिवाईस में वाहन चालक की वो जानकारी भरी जाएगी, जिसमें वाहन चालक ने किन-किन नियमों का उल्लंघन किया है, जैसे कि हेलमेट नहीं है, लाइसेंस नहीं है, वाहन में लाईट, इंडिकेटर, काले शीशे और अन्य जानकारी डिवाइस में फीड करने के बाद स्लीप निकाल कर वाहन चालक को थमा दी जाएगी। जिसके बाद वाहन चालक चालान की राशि को ऑनलाईन, डेबिट कार्ड या नगद भी कर सकता है। गुरूवार को शुरू किए गए ई डिवाईस से चालानी कार्रवाई में एक वाहन चालक का यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई डिवाईस से चालान काट कर चालान की स्लीप थमा दी गई।

  • ई चालान डिवाइस है लिंक :
    यातायात थाना प्रभारी सुभाष बघेल ने बताया कि शुरू किए गए ई डिवाईस से चालानी कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहले फोटो ली गई। जिसे डिवाईस में अपलोड किया गया। जिसके बाद वाहन चालक को ऑनलाईन क्रेडिट, डेबिट कार्ड या नगद राशि चालान का भुगतान करने कहां गया। इस ई चालान डिवाइस में वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करने पर डिवाईस स्वत: ही वाहन मालिक का पूरा विवरण डिस्पले में आ जाता है। यातायात निमयों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही भी इसी मशीन से की जाएगी। प्रत्येक उल्लंघनकर्ता वाहन चालकों का रिकार्ड इस डिवाईस में दर्ज रहेगा। दोबारा उल्लंघन करने पर समन शुल्क का भुगतान करना होगा।

  • ऑनलाइन है रिकॉर्ड :
    ई डिवाइस चालान मशीन से चालान काटे जाने पर इसका डाटा सुरक्षित रहेगा। इससे यह भी पता चल जाएगा कि वाहन चालक के द्वारा कितनी बार एवं किन यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया है। उसके हिसाब से उस वाहन चालक का यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर ई चालान काटा जाएगा।

Sort:  

👍