एक ऐसा चौराहा जहां से दो महान विभूतियों का जुड़ा है नाम

in #social8 months ago

IMG-20231225-WA0042.jpg

  • एक थे जनसंघ के संस्थापक,तो दूसरे थे भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष

  • लोगों को गर्व है आगरा कैंट स्थित अटल चौक पर

आगरा। आज पूरे देश में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 99वीं जयंती को बड़े ही श्रद्धा भाव के साथ मनाया जा रहा है। हर भाजपाई और आरएसएस कार्यकर्ता आज उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ नमन कर रहा है और उनके पद चिन्हों पर चलने का संकल्प भी ले रहा है। लेकिन क्या आपको मालूम है कि देश में एक ऐसा स्थान है जिसका नाम अटल चौक है, लेकिन वहां प्रतिमा जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की लगी हुई है। उक्त स्थान पर आज अटल चौक सेवा समिति की ओर से पूर्व पीएम अटल जी की जयंती मनाई गई लेकिन उक्त स्थान का नाम अटल चौक और प्रतिमा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की लगी होने की जानकारी यहाँ से गुजरने वालों को हो रही थी तो हर कोई आश्चर्यचकित नजर आ रहा था ऐसा कैसे हुआ और उसके पीछे की कहानी क्या है यह जानकारी आपको इस स्पेशल रिपोर्ट में मिलेगी।

  • आगरा कैंट पर स्थित है अटल चौक

बताते चलें कि अटल चौक आगरा कैंट स्टेशन के बिल्कुल समीप है। इस अटल चौक की देखरेख अटल चौक सेवा समिति करती है। अटल चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा क्यों नहीं है इसके पीछे भी रोचक किस्सा है।

समिति के संरक्षक राकेश कन्नौजिया बताते हैं कि आगरा कैंट स्टेशन का चौराहा व्यस्ततम चौराहे में से एक है। पास में रेलवे स्टेशन है जहाँ देशी विदेशी पर्यटक भी आते है। इस चौराहे के सौंदर्यीकरण को लेकर तत्कालीन महापौर नवीन जैन से मुलाकात हुई और इस प्रस्ताव को उनके सामने रखा कि चौराहे के सौंदर्यीकरण हो जाए और उसका नाम अटल चौक रखा जाए। जो चौराहे की सुंदरता बढ़ाये साथ ही ट्रैफिक भी व्यस्थित हो जाये। इस पर महापौर नवीन जैन ने इस कार्य को अमली जामा पहनाया। राकेश कनौजिया ने बताया कि अटल चौक सेवा समिति चाहती थी कि अटल चौक पर अटल जी की प्रतिमा लगे लेकिन जब इस चौराहे का नाम अटल जी के नाम पर रखा गया था तब वह जीवित थे लेकिन इसी बीच नगर निगम की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने की चर्चा जोर शोर से चलने लगी। नगर निगम भी उनकी प्रतिमा लगाने के लिए उचित स्थान का चयन करने में लगा हुआ था।

  • निगम में प्रस्ताव हुआ था पास

इस बीच समिति की ओर से ही अटल चौक पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने का प्रस्ताव रखा। क्योंकि पास में ही आगरा कैंट स्टेशन है जहां से देशी-विदेशी पर्यटकों का प्रतिदिन आवागमन रहता है। साथ में ही आर्मी का एरिया और दूसरी ओर ईदगाह बस अड्डा। अटल चौक चौराहा हमेशा लोगों से गुलजार रहता है। ऐसे में हर ख़ास ओ आम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन से रूबरू हो सकेगा। इस प्रस्ताव पर स्वीकृति मिली और महापौर नवीन जैन ने अटल चौक पर ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने का एलान कर दिया।

  • अटल चौक पर 28 जून 2019 को हुआ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण

अटल चौक पर 28 जून 2019 को विधिवत रूप से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के आगरा जिले के सभी विधायक मंत्री और आरएसएस के बड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया था। उन्हीं के कर कमलों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण हुआ। अटल चौक पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने की सोच को सभी ने सराहा। एक ही स्थान पर दो महान लोगों के अस्तित्व का होना सभी के लिए गर्व की बात है।