जानलेवा गर्मी, नैमिष में महिला श्रद्धालु गश खाकर गिरी, मौत

in #sitapur3 months ago

1000099963.jpg
सीतापुर। जेठ माह की तपिश जानलेवा होती जा रही है। प्रचंड गर्मी के बीच नैमिषारण्य में आंध्र प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु अचानक गश खाकर गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई।साथ में आए अन्य श्रद्धालुओं ने महिला को सीएचसी मिश्रिख पहुंचाया, जहां चिकित्सकाें ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को दिन की शुरुआत तेज धूप से हुई। सुबह से ही उमस बनी रही।गर्मी का आलम यह रहा कि सुबह आठ बजे ही लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। दिन चढ़ने के साथ धूप का प्रकोप बढ़ता चला गया। सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है। सड़कें आग उगल रही हैं। इससे पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 25.2 डिग्री के आसपास रहने से रातों को भी चैन नहीं मिल रहा है।

प्रचंड गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में आंध्र प्रदेश से कुछ यात्रियों का जत्था बस से नैमिषारण्य दर्शन के लिए आया था। इसमें 85 श्रद्धालु सवार थे। नैमिषारण्य दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु मिश्रिख पहुंचे। इस जत्थे में एक आंध्र प्रदेश के संगटी साहू घूंघटूर निवासी शिवकुमारी (48) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथी यात्रियों ने आननफानन शिवकुमारी को सीएचसी मिश्रिख में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।