नौतपा में तप रहा सीतापुर, 44 डिग्री पर पहुंचा पारा

in #sitapur3 months ago

1000098409.jpg
सीतापुर। ज्येष्ठ माह में गर्मी का प्रकोप रोजाना बढ़ता जा रहा है। बुधवार को गर्मी ने सारे रिकाॅर्ड तोड़ दिए। इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को दिन की शुरुआत तेज धूप से हुई। सुबह से ही उमस भरी गर्मी पड़ने लगी। आलम रहा कि सुबह आठ बजे से ही लोग पसीने से तर बतर होने लगे। दिन चढ़ने के साथ धूप का प्रकोप और बढ़ता चला गया। सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर निकलना दुश्वार हो गया।जिले में नौतपा के पहले ही दिन से लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। प्रचंड गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। बुधवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दिन भर समूचा जिला भीषण गर्मी से उबलता रहा। शरीर को झुलसा देने वाली तपिश से लोगों का हाल बुरा रहा। वे बाहर निकलने से कतराते रहे। जरूरी काम से जिन्हें निकलना था वे तमाम जतन के बाद घर से बाहर निकले। लेकिन उमस ने उनको काफी परेशान किया। दोपहर में 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने हालत और खराब कर दी। गर्मी अधिक होनेे से लोगों को आंखों में जलन महसूस हुई। गर्मी से बचने के लिए राहगीर थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते नजर आए।
शाम छह बजे तक कुछ ऐसे ही हालात बने रहे। शाम को जब धूप बेहद कम हुई तो लोग अपने घरों से बाहर निकने लगे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बृहस्पतिवार को भी मौसम कुछ इसी तरह का बना रहेगा। प्रचंड गर्मी से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं।