तेज धूप ने झुलसाया, पारा 41 डिग्री पहुंचा

in #sitapur4 months ago

1000090873.jpg

गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। बुधवार को पारा 41 डिग्री पर पहुंच गया। दो दिन में पारे ने पांच डिग्री सेल्सियस की छलांग लगाई है। बुधवार को तेज धूप ने बदन झुलसने का अहसास कराया। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हुई। तपती दोपहरी में गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच स्कूलों से लौटना पड़ रहा है।
मौसम के तेवर कड़क रहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बुधवार सुबह से ही तेज धूप चुभने लगी। दिन चढ़ने के साथ तपिश का प्रकोप भी बढ़ता रहा। चिलचिलाती धूप से दोपहर का समय बिताना मुश्किल भरा रहा।
तपिश व गर्म हवा से बचने के लिए लोग छाता व गमछे का सहारा लेते नजर आए। पंखों से भी गर्म हवा निकलने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बृहस्पतिवार को तापमान में इजाफे से गर्मी के तेवर और अधिक तल्ख होने के आसार हैं।
भीषण गर्मी से गला भी बार-बार सूख रहा रहा है। ऐसे में शीतल पेयों के साथ लस्सी, मिल्क बादाम, आइसक्रीम एवं ठंडे पानी के साथ ठंडा दही और मट्ठा लोगों की पसंद बन रहा है। मौसमी फल एवं खीरा, ककड़ी के अलावा आम का पना, जलजीरा, नींबू पानी, बेल का शरबत आदि लोगों को खूब भा रहा है।