नाग पंचमी के पर्व पर झूला महोत्सव एवं आल्हा गायन का होगा आयोजन

सिद्धार्थनगर उत्तर प्रदेश। श्री ठाकुर राम जानकी मंदिर शीतलगंज आजादनगर बांसी में सावन महीने के 2 अगस्त 2022 को नाग पंचमी के अवसर पर झूला महोत्सव का आयोजन किया गया है। मंदिर के महंत हनुमान दास नागा ने बताया कि सावन के महीने में अयोध्या और वृंदावन के हर मंदिरों में झूला पड़ता है और देश के कोने-कोने से लोग भगवान झूला झुलाने के लिए आते हैं। आने वाले भक्तों का भाव रहता है कि भगवान को झूला झुलाने से चौरासी लाख योनियों में झूलने अर्थात भटकने से मुक्ति मिल जाती है। यही उत्तम भाव लेकर लोग भगवान को झूला झूलाते हैं। साथ ही साथ उक्त अवसर पर पूरे देश से गायन वादन और नृत्य अर्थात संगीत के कलाकारों का भी अयोध्या और वृंदावन में आगमन होता है। वह भगवान को झूला झुलाते हुए भगवान को झूलन पद कजरी सावन के लोकगीतों को सुनाते हैं। उनका भाव रहता है कि वर्ष के 11 महीने हम संसार को सुनाएंगे और सावन के महीने में अपनी कला को हम भगवान को सुनाएंगे ।
ठीक उसी तरह से श्री ठाकुर राम जानकी मंदिर पर भी सावन महीने में नाग पंचमी के अवसर पर भगवान का झूला पड़ता है और पूरे नगर के लोगों के साथ-साथ क्षेत्र के भी लोग आकर के भगवान को झूला झूलाते हैं। मंदिर के व्यवस्थापकों ने बताया कि झूला महोत्सव के अवसर पर गायन वादन और नृत्य के बहुत ही अच्छे अच्छे कलाकारों का आगमन हो रहा है। जिनके द्वारा प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक झूलन पर कजरी आदि लोक गीतों की प्रस्तुति होगी और साथ ही साथ दिन में 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आल्ह खंड के गायक पंडित त्र्यम्बक मणि त्रिपाठी और उनके सहयोगियों के द्वारा वीर से ओतप्रोत आल्हा गायन की प्रस्तुति की जाएगी। मंदिर के महंत हनुमान दास नागा नेIMG-20220730-WA0019.jpg उक्त अवसर पर लोगों को आमंत्रित करते हुए पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।