Himachal Weather: शिमला से ठंडी ऊना, मंडी, हमीरपुर और सोलन की रातें, प्रदेश में 25 नवंबर तक मौसम साफ

in #shimla2 years ago

प्रदेश के न्यूनतम तापमान में लगातार कमी दर्ज हो रही है। केलांग और कुकुमसेरी का पारा माइनस में पहुंच गया है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज होने की आशंका है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ होते ही ऊना, मंडी, हमीरपुर और सोलन में रात के समय शिमला से अधिक ठंड पड़ना शुरू हो गई है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में लगातार कमी दर्ज हो रही है। केलांग और कुकुमसेरी का पारा माइनस में पहुंच गया है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज होने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश में 25 नवंबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान जताया है। रविवार रात को ऊना में न्यूनतम तापमान 7.0, सोलन में 5.4, मंडी में 6.3, हमीरपुर में 6.7 और चंबा में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजधानी शिमला में न्यूनतम पारा 7.5 डिग्री रहा। शिमला में अन्य क्षेत्रों के मुकाबले कम ठंड पड़ी। उधर, केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 5.5, कुकुमसेरी में माइनस 4.5, कल्पा में 0.8, मनाली में 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर और बिलासपुर जिला के कुछ क्षेत्रों में सोमवार सुबह कोहरा भी छाया रहा। इससे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। उधर, सोमवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली। ऊना में अधिकतम तापमान 28.0, बिलासपुर में 26.5, धर्मशाला-हमीरपुर में 25.0, सोलन में 24.5, कांगड़ा में 24.0, मंडी में 23.9, शिमला में 18.7 और मनाली में 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

प्रतिबंध के बावजूद सूरत और दीपक ताल पहुंच रहे सैलानी
उधर सर्दी में बर्फबारी को देखते हुए लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने सात नवंबर को ही मनाली-लेह मार्ग को लाहौल के दारचा से आगे बंद कर दिया है। बावजूद कुछ सैलानी दारचा से आगे सूरत ताल और दीपक ताल जा रहे है। वहीं प्रशासन ने ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग को भी 15 नवंबर से आगामी आदेशों तक बंद कर दिया है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने बताया कि बर्फबारी और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग मनाली-लेह को दारचा से आगे सड़क मार्ग को आधिकारिक तौर पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद किया है। वहीं, ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग को लोसर तक 15 नवंबर से वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी आदेशों तक के लिए प्रतिबंधित किया है।