छेड़खानी का विरोध करने पर मारने पीटने का आरोप

in #santkabirnagar2 years ago

संतकबीरनगर।बखिरा थाना क्षेत्र के राजेडीहा चौकी अंतर्गत एक गांव निवासिनी महिला ने गांव के ही दो लोगों पर अपनी नाबालिग पुत्री से छेड़खानी करने का आरोप लगाया है।साथ ही घटना का उलाहना देने पर परिजनों द्वारा मारने पीटने का भी आरोप लगाया है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दी गई तहरीर में महिला ने कहा है कि बीते शुक्रवार की सुबह लगभग आठ बजे उसकी 17 वर्षीया लड़की घर पर अकेली थी।इसी दौरान गांव का रामचन्द्र एवं उसका बहनोई सुबाष उसकी पुत्री के साथ छेड़खानी करने लगे।असफल होने पर जान से मारने की कोशिश की।आरोप है कि घटना की उलाहना देने जब वह आरोपी के घर गयी तो आरोपी के घर के अन्य सदस्य उसकी लड़की को अपनी बाउण्ड्रीवाल के अंदर खींच ले गये और पुनः छेड़खानी करने लगे।जब विरोध किया तो आरोपियों ने उसे व उसकी पुत्री को मारपीट कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने बाउण्ड्रीवाल से धक्का देकर बाहर कर दिया।तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धारा 147,323,506,354 क भादवि व 7 / 8 पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई ।