पुलिस और लोगों के बीच हुई झड़प

धनघटा। बृहस्पतिवार रात हैंसर बाजार के सोनाड़ी में एक मकान पर कब्जा के लिए दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक पक्ष के लोगों के साथ झड़प हो गई। आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्रता की। वहीं, पुलिस ने 145 की कार्रवाई करते हुए मकान को जप्त कर रिपोर्ट एसडीएम को दी है।
रामजानकी मार्ग के बगल स्थित मकान के लिए चार माह से विवाद चल रहा है। सोनाड़ी निवासी जगरनाथ अग्रहरि का आरोप है कि उस मकान का निर्माण उनके द्वारा कराया गया और उसमें एसबीआई की शाखा पहले थी। उसके बाद बाइक एजेंसी खुली, फिर बाद में मकान को खाली करा दिया गया। मकान खाली होने के बाद गांव निवासी आशा देवी पत्नी राम सकल ने जबरन ताला लगा दिया। ताला खुलवाने के लिए कई बार अधिकारियों से फरियाद की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच आशा देवी ने जबरन मकान में रहना शुरू कर दिया। वह धीरे-धीरे कब्जा जमाने लगी।बृहस्पतिवार की रात सूचना मिली की आशा देवी खाली मकान में भी कब्जा कर रही है तो पुलिस को सूचना दी गई। दूसरी तरफ आशा देवी का आरोप है कि जिस जमीन पर मकान का निर्माण हुआ है, वह उनकी पुश्तैनी जमीन है। उस पर विपक्षियों ने जबरन कब्जा कर रखा था। जमीन आज भी आशा देवी के परिजनों के नाम से है। आरोप है कि बृहस्पतिवार की रात करीब 12:00 बजे पुलिस पहुंची और उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए सामान को बाहर फेंकने लगी। विरोध करने पर पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्रता की। जिसकी सूचना रात में ही एसपी को मोबाइल फोन से दी गई। इस संबंध में एसओ विनय पाठक ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस वहां गई थी। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर पुलिस लौट आई। पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद है। विवादित मकान को जप्त करने के लिए 145 की रिपोर्ट एसडीएम को दे दी गई है।IMG_20220604_191558.jpg