संचलन का उद्देश्य समाज के बीच एकता स्थापित करना - कौशल

in #sandila2 years ago

भारत माता के जयकारों से गूंज उठा नगर
संडीला। हरदोई
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रांत के प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि पथ संचलन का उद्देश्य समाज के बीच एकता स्थापित करना है।

मुख्य अतिथि के रूप में श्री कौशल नगर के भगवान बुद्ध इंटर कॉलेज में आयोजित संघ के कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संघ समाज के हर वर्ग को साथ में लेकर चलने के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा कि पथ संचलन में स्वयंसेवक अपनी पूरी साधना को समेकित रूप से प्रकट करते हैं। इस अवसर पर जिला संघ चालक जयप्रकाश, जिला कार्यवाह तीर्थराज, जिला प्रचारक सुधांशु, विभाग कार्यवाह सुशील, सेवा भारती प्रांत संगठन मंत्री भास्कर, डॉ विभा सिंह, जिला प्रचार प्रमुख अवध किशोर, शिवकिशोर, प्रमोद रंजीत, ब्रजकिशोर सहित स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सह जिला कार्यवाहक कुलवीर ने किया।

पथ संचलन में रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

नगर में स्वयंसेवकों की ओर से निकाले गए पथ संचलन में पुलिस की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नगर के अमर जवान चौक से इमलियाबाग मार्ग को दोपहर 2 बजे से बंद कर दिया गया था। यहां स्थानीय सहित कई थानों की फोर्स, पीएसी बल व महिला कांस्टेबल मौजूद रहीं। मौके पर एसडीएम देवेंद्र पाल, सीओ महावीर सिंह मौजूद रहे।

बैंड की धुन व डंडों के साथ निकले स्वयंसेवक

नगर में शाम 5 बजे भगवान बुद्ध इंटर कॉलेज से स्वयं सेवकों का पद संचलन शुरू हुआ। सबसे पहले यह पद संचलन लखनऊ रोड पर स्टेट बैंक तक गया। बाद में यह संचलन मुख्य चौराहा होते हुए इमलियाबाग तक गया। इस दौरान भारत मां की जयकारों से नगर गूंज उठा।