आदमपुर की सीट जीते तो 2024 में हरियाणा में भी बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार, केजरीवाल ने भरी हुंकार

in #politics2 years ago

Politics : दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को हरियाणा के आदमपुर में 'तिरंगा यात्रा' का नेतृत्व करने के बाद आदमपुर मंडी में एक रैली को संबोधित किया। केजरीवाल दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को हरियाणा पहुंचे थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके साथ हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) की 'तिरंगा यात्रा' हिसार के आदमपुर के क्रांति चौक से शुरू हुई। रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पहली बार अगर अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी ने पहली बार किसी देश में जाकर स्कूल देखें हैं तो वह केजरीवाल के स्कूल हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दुनिया में केवल एक ही आदमी है जो 24 घंटे बिजली और मुफ्त बिजली दे सकता है तो वह सिर्फ केजरीवाल है।

केजरीवाल ने कहा कि 2019 में पंजाब में लोकसभा की हमारी एक सीट आई थी और आज 2022 में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। उन्होंने कहा कि मैं यह वादा करता हूं कि आप 2022 में आम आदमी पार्टी को आदमपुर की सीट जिता दो, मैं आपसे वादा करता हूं कि 2024 में हरियाणा में 'आप' की सरकार होगी।

हरियाणा विधानसभा से विधायक के तौर पर कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे के बाद आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना तय है, जिसके मद्देनजर दिल्ली के मुख्यमंत्री का हिसार दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बिश्नोई कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। आदमपुर सीट को बिश्नोई का गढ़ माना जाता है। इसके अलावा हरियाणा में पंचायत चुनाव भी होने हैं। केजरीवाल ने बुधवार को हिसार से अपनी पार्टी के ''मेक इंडिया नंबर 1'' अभियान की शुरुआत की।