भाजपा में शामिल होने पर शिवपाल बनाए जा सकते है डिप्टी स्पीकर

in #politics2 years ago

images (24).jpegप्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) सुप्रीमो शिवपाल सिंह यादव के भाजपा में शामिल होने की अटकलों को लगातार हवा मिलती जा रही है। इसी बीच शिवपाल सिंह यादव को यूपी विधानसभा का डिप्टी स्पीकर बनाए जाने के कयास लगने लगे है। जिसके बाद समाजवादी पार्टी (सपा) में बेचैनी दिखने लगी है। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में कयासों का बाजार गर्म है। सपा मुखिया अखिलेश यादव के सिम्बल पर चुनाव लड़े प्रसपा मुखिया शिवपाल सिंह को भारतीय जनता पार्टी विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के पद से नवाज सकती है। पिछले कुछ दिनों से भाजपा के नेताओं से संपर्क बढ़ा रहे प्रसपा मुखिया इस पद को स्वीकार करने के लिए तैयार होंगे या नही, यह सवाल भी बना हुआ है। शिवपाल यादव पर तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। राजनीतिक विशेषज्ञ भी अपनी राय रखने में पीछे नही है। जिसको लेकर सफाई देने के बजाय शिवपाल समय आने पर बताऊंगा का जवाब देकर चुप्पी साध रहे है। उनकी यही अदा सपा खेमे को बेचैन किए हुए है।
विधानसभा उपाध्यक्ष की कुर्सी को अगर शिवपाल स्वीकार करते हैं तो वह सदन में अपने भतीजे व नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के बगल में बैठेंगे। विधानसभा उपाध्यक्ष की सीट सदन में ठीक नेता प्रतिपक्ष के बगल में ही होती है। प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव इटावा जिले की जसवंतनगर विधानसभा सीट से लगातार छठी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। हमेशा की ही तरह इस दफा भी शिवपाल सिंह यादव समाजवादी पार्टी के सिंबल साइकिल के चुनाव चिन्ह से निर्वाचित हुए है। 10 मार्च को मतगणना मे जब समाजवादी गठबंधन सत्ता के करीब नही पहुंचा तो शिवपाल सिंह यादव ने अपने भतीजे अखिलेश यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाना शुरू कर दिया जिससे अखिलेश यादव से दूरियां बढ़ती जा रही हैं। सपा उन्हें अपना विधायक से ज्यादा सहयोगी दल प्रसपा का अध्यक्ष मानती है। इसी बीच 30 मार्च को शिवपाल ने शपथ ग्रहण के साथ ही का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुलाकात तो की ही नवरात्रि के पहले दिन सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फॉलो करने से उनके भाजपा के साथ जाने के संकेत मिल रहे हैं। इससे पहले उन्हें राज्यसभा में भेजे जाने व उनकी सीट जसवंत नगर पर उपचुनाव में बेटे आदित्य यादव को उतारने की अटकलें जोरों पर थी।