कांग्रेसी आज कानून व्यवस्था के विरोध में कमिशनरी में करेंगे धरना प्रदर्शन

in #politicsyesterday

1000416397.jpg

झांसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था एवं पुलिसिया उत्पीड़न के खिलाफ 18 सितंबर 2024 को कांग्रेस मंडल स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। विरोध प्रदर्शन हेतु उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मंडल में नेताओं की जिम्मेदारी सौंप गई है, जिसमें झांसी मंडल की जिम्मेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को दी गई है। इसी संदर्भ में आज कांग्रेस कार्यालय मानिक चौक में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयोजन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

1000416437.jpg

इस अवसर पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं है। आए दिन हत्या, महिलाओं का अपहरण, गैंगरेप, दहेज, हत्या आदि के मामले में तेजी से वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि अपराध के मामले में पूरे देश में खास तौर पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश सबसे अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने कहा झांसी में जैन मंदिर में चोरियों का खुलासा अभी तक नहीं किया गया। पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में मिली शिकस्त के कारण भारतीय जनता पार्टी के नेता और मंत्री अनर्गल बयान बाजी कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री रणवीर सिंह बिट्टू द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आतंकी तथा एकनाथ शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड द्वारा अभद्र टिप्पणी किए जाने जैसी बयान बाजी कर रहे हैं। जहां एक ओर उत्तर प्रदेश में अपराधी निरंकुश है, वही पुलिस बेंदाज, अधिकारी बेलगाम और मंत्री असहाय नजर आ रहे हैं। झांसी में चलती हुई गाड़ी में हुए बलात्कार का मामला हो या जनपद जौनपुर में मंगेश यादव के फर्जी एनकाउंटर का मामला हो, जनपद रायबरेली में अर्जुन पासी की हत्या का मामला हो या अभी हाल ही में 11 सितंबर को जनपद कानपुर में सिर काटकर महिला की हत्या का मामला हो। पुलिस बढ़ती अपराधों के कारण लाचार दिखाई दे रही है। पूरे भारत में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में 25% अपराध अकेले उत्तर प्रदेश में होते हैं। अपराधियों को बचाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी वाशिंग मशीन बन चुकी है, जिसमें NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगे हुए अपराधी भी भाजपा में आकर अपराध मुक्त हो जाते हैं।

1000418264.jpg

देश की धर्म नगरी अयोध्या में श्री राम मंदिर में सफाई करने वाली 20 वर्षीय युवती के साथ तीन अलग-अलग जगह पर 9 लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म, चरखारी कस्बे में इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी अनिल चौधरी की हत्या, बनारस में शारदा यादव की गोली मारकर हत्या, अमरोहा में दबंग द्वारा लोगों पर कार चढ़ा देना, सुल्तानपुर में ज्वेलर्स लूट कांड के आरोपी को फर्जी एनकाउंटर में मार देना, झांसी में 16 वर्षीय नाबालिक लड़की के साथ बलात्कार, मेरठ में 16 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप, आगरा में बालू खनन माफिया द्वारा सिपाही पर हमला करना, कासगंज में अधिवक्ता मोहनी तोमर का अपहरण और हत्या, मैनपुरी में मामूली विवाद के बाद दबंगों द्वारा युवक को गोली मारकर हत्या, रायबरेली में सर्राफा व्यापारी से लूट और हत्या जैसे सैकड़ो मामले उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन हो रहे हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर आज 18 सितंबर 2024 को प्रातः 10 बजे मंडल कार्यालय झांसी में पहुंचकर प्रदर्शन कर मंडल आयुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में प्रदेश महासचिव राहुल रिछारिया, प्रदेश सचिव मनीराम कुशवाहा, जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह पारीछा, शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, पूर्व महापौर प्रत्याशी अरविंद बबलू, अनिल रिछारिया, वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, अशोक कंसोरिया, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह शीलू, राजकुमार फौजी, इमरान खान, दिनेश वर्मा, रोविस खान आदि मौजूद रहे।