केशव प्रसाद मौर्य ने किया ट्वीट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर लगने लगे कयास

in #politics2 years ago


उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष के नाम को लेकर लम्बे समय से कयासबाजी के बीच रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक ट्वीट ने हर तरफ खलबली मचा दी है। बीते एक महीने से नई दिल्ली के कई दौरे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ ही गृह मंत्री अमित शाह तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी भेंट की थी। अब उनके ट्वीट के कई मायने निकाले जाने लगे हैं।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को ट्वीट किया है कि संगठन सरकार से बड़ा। ऐसे में लोग अनुमान लगाने कि वह भी उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ में आ गए हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के इस ट्वीट ने भाजपा के साथ अन्य दलों के खेमे में भी खलबली मचा दी है।
संगठन सरकार से बड़ा है!
केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को अयोध्या में थे जबकि रविवार को गाजियाबाद में आयोजित भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के पश्चिम व ब्रज क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में सम्मिलित होकर गणमान्य जनों को संबोधित किया। इसमें भाजपा उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी शामिल थे।
अयोध्या में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कल कहा था कि भाजपा उत्तर प्रदेश में 2024 में 80 लोकसभा सीट जीतेगी। इससे पहले उन्होंने राम लला और बजरंगबली के दरबार में माथा टेकने के साथ ही साथ विकास कार्यों का जायजा लिया था। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश में सभी 80 सीटें भाजपा जीतेगी। उत्तर प्रदेश में कानून का राज चल रहा है, लोगों को रोजगार घर और सुरक्षा मिल रहा है।
बता दें कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पार्टी के अंदर और बाहर चर्चाओं व अटकलों का बाजार गर्म है। खासतौर पर जब से जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दिया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल को पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाये जाने और उनके स्थान पर झारखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह को उप्र में यह जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद से नए प्रदेश अध्यक्ष की तैनाती की अटकलें और तेज हो गई हैं।
केशव और बंसल टीम के रूप में साथ काम कर चुके हैं। बीती 17 अगस्त को केशव प्रसाद मौर्य ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की तो इंटरनेट मीडिया पर यह अटकलें लगाई जाने लगीं कि कहीं पार्टी नेतृत्व मौर्य को तो प्रदेश भाजपा की कमान दोबारा सौंपने पर विचार तो नहीं कर रहा। केशव के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए ही भाजपा ने 2017 के विधान सभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल किया था।

Sort:  

👍👍👍👍