सपा के लिए जो फ्लॉप हो गया था नारा, अब कांग्रेस ने लिया 'उधार'; ऐसे होगा मोदी से मुकाबला?

in #politics2 years ago

NEWS DESK : WORTHEUM NEWS
PUBLISHED BY - PREETIYADAV
rahul_sonia__1656696913.webp
कांग्रेस पार्टी ने गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले 'काम बोलता है' (कांग्रेस नू काम बोलेछे) का नारा दिया है। इस नारे को के साथ पार्टी के होर्डिंग पूरे प्रदेश में लगाए जाएंगे और जनता को यह याद दिलाया जाएगा कि कांग्रेस राज में किस तरह गुजरात का विकास हुआ था। राजस्थान के मुख्यमंत्री और गुजरात में कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक अशोक गहलोत की मौजूदगी में गुरुवार को इसे लॉन्च किया गया। हालांकि, इससे पहले उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भी 'काम बोलता है' का नारा दिया था, लेकिन यह अखिलेश यादव को दोबारा सत्ता में लाने में कामयाब नहीं रहा था।

60 सेकेंड में गिनाया जाएगा काम

गुजरात कांग्रेस ने 'काम बोलता है' कैंपेन के तहत वोटर्स को जोड़ने का प्लान बनाया है। वोटर्स को मिस्ड कॉल्स के जवाब में कॉल करते हुए पार्टी की ओर से एक मिनट में उन कामों को गिनाया जाएगा जो कांग्रेस की सरकार के दौरान राज्य में किया गया था। इसमें आदिवासियों के लिए पेसा कानून, आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई, गांव-गांव में दूध की डेयरी खोलने जैसे काम गिनाए जा रहे हैं। इसके अलावा बंदरगाह, एयरपोर्ट, गांवों में अस्पताल खोलने जैसे कदम भी गिनाए जा रहे हैं। लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा और मिड-डे-मील का भी जिक्र है।

मेनिफेस्टो बनाने की भी शुरुआत

पार्टी ने मेनिफेस्टो बनाने की प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। इस अभियान को 'बोलो सरकार' नाम दिया गया है। पार्टी ने कहा है कि जनता से पूछा जाएगा कि उनकी कांग्रेस से गुजरात में क्या अपेक्षाएं हैं। प्रदेशभर में 1500-2000 बैठकों का फैसला किया गया है। इसके बाद पॉलिटिकल अफेयर कमिटी इन सुझावों पर विचार करके मेनिफेस्टो तैयार करेगी। दीपक बावरिया को इसका प्रमुख बनाया गया है।