जान हथेली में रखकर सफर कर रहे लोग

in #peoplelast month
  • जान हथेली में रखकर सफर कर रहे लोग
  • कहीं गिरे पेड़, कहीं पहाड़ी से पत्थर
  • जिम्मेदार गायब, राहगीर और वाहन चालकों ने अलग किया विशालकाय पेड़

1000184660.jpg

मंडला:- जिले में लगातार बारिश का दौर शुरू हो गया है। विगत तीन चार दिनों से हो रही बारिश के चलते जिले के कई नदी नालों का जल स्तर बढ़ गया है। कुछ क्षेत्रों में पुल पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिसके कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनो की कतार लग रही है। जबलपुर से मंडला को जोडऩे वाला नेशनल हाईवे 30 भी मुसीबत भरे सफर से कम नहीं है। यहां हो रही बारिश के चलते मार्ग निर्माण के लिए पहाड़ी को काट कर बनाए गए मार्ग में अवरूद्ध उत्पन्न हो रहा है। मंडला से जबलपुर मार्ग में कहीं पेड़ गिर रहे है तो कहीं पहाड़ के पत्थर मार्ग में गिर कर बिछ रहे है। जिसके कारण आवाजाही में वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग अवरूद्ध होने के कारण जाम की भी स्थिति निर्मित हो रही है। जिससे राहगीरों को अपने गतंव्य तक जाने में परेशान का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी अनुसार मंडला से जबलपुर मार्ग बदहाल है। मार्ग सुधारीकरण के लिए समय सीमा भी कई बार निर्धारित हो चुकी है, बावजूद इसके मार्ग की मरम्मत में गुणवत्ता नहीं है। पहाड़ों को काट कर बनाए गए मार्गो में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किये गए है। जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे और जाम की स्थिति बन रही है। विगत दिवस रात्रि के समय जबलपुर मंडला के बीच नागा पहाड़ी मार्ग में कुछ पेड़ और पत्थर गिर गए। जिससे जाम लग गया। जानकारी लगने के बाद मार्ग को साफ कराया गया, लेकिन जब तक वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी और उसके बाद मार्ग से आवागमन सुचारू हो सका।

1000184659.jpg

  • कुम्हा और चिरी के बीच गिरा हाईवे में पेड़

बताया गया कि हो रही बारिश से अनेकों नदी नालों का जल स्तर बढऩे लगा है। पुल पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है। जिससे आवागमन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही सड़क के किनारे पहाड़ों के हिस्से से बड़े पत्थर और पेड़ मार्ग में गिर रहे है। जिससे मंडला जबलपुर मार्ग असुरक्षित हो गया है। नारायणगंज से मंडला मार्ग पर कुम्हा घाट के आगे मंडला मार्ग की तरफ स्थित पहाड़ी के किनारे में लगा विशाल पेड़ धराशाई हो गया। बारिश के कारण पेड़ हाईवे मार्ग के बीचों बीच गिर गया। जिसके कारण कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हुआ। हाईवे में मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिससे वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। मार्ग में गिरे पेड़ को अलग कराया गया जिसके बाद मार्ग से आवागमन शुरू हुआ। मंडला से जबलपुर गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग राहगीरों के लिए जान जोखिम में डालकर सफर करने जैसे हो गया है। कभी भी इस मार्ग में कोई भी अनहोनी हो सकती है, इसलिए यहां से गुजरने वालों को सावधानी पूर्वक इस मार्ग से सफर करना चाहिए।

1000184658.jpg

  • वाहन चालकों और राहगीरों ने अलग किया विशालकाय पेड़

मंडला से जबलपुर की ओर जा रहे मोनू अग्रवाल ने बताया कि नेशनल हाईवे 30 मार्ग खतरे से भरा हुआ है। हम इस मार्ग से जान हथेली में रखकर सफर कर रहे है। कहां किसी मार्ग में कोई हादसा कब हो जाए यह पता नहीं है। मंडला से जबलपुर मार्ग में चिरी और कुम्हा के बीच स्थित पहाड़ी में एक विशालकाय पेड़ लगा हुआ था, जो इस बारिश में धराशाई हो गया। घटना सुबह करीब 9 बजे घटित हुई। गनीमत रही कि पेड़ जब हाईवे मार्ग में गिरा तो उस समय कोई वाहन और राहगीर वहां से नहीं गुजरा, नहीं तो कोई बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था। मार्ग में पेड़ गिर जाने के बाद 15 मिनट में वाहनों की कतार लग गई। मार्ग के दोनों तरफ जाम लग गया, लेकिन मौके पर कोई जिम्मेदार नहीं पहुंचा। जाम में फंसे वाहन चालकों ओर राहगीरों ने पेड़ को अलग करने का प्रयास किया। जिसके बाद विशालकाय पेड़ को एक वाहन से बांधकर और कुछ लोगों की मदद लेकर पेड़ को अलग करने का भरकस प्रयास किया गया, लेकिन पेड़ को अलग करने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बमुश्किल से बीच मार्ग में गिरे पेड़ को सभी के सहयोग से मार्ग के किनारे किया गया, जिसके बाद मार्ग से आवागमन शुरू हो पाया। यदि जिम्मेदारों की राह लोग देखते तो घंटो लोगों को मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ता।