कलेक्टर के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा रैली

in #panna2 years ago

Screenshot_20220813-101647~2.png
पन्ना। आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान में 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर में राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। तिरंगा के प्रति जनजागरण और सम्मान प्रकट करने के लिए पन्ना जिले में निरंतर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इस क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न शासकीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों ने तिरंगा रैली निकाली। कलेक्टर संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में निकाली गई रैली के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रभक्ति गीत विजयी विश्व तिरंगा प्यारा-झण्डा उंचा रहे हमारा के माध्यम से जनजागरण किया। वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे भी लगाए। सभी ने तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। कलेक्टर मिश्र ने आनंद और उत्साह से आजादी का पर्व मनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश भक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा फहराएं।
सेल्फी स्टैण्ड पर खिंचवाई फोटो
रैली निकालने के पूर्व कलेक्टर संजय कुमार मिश्र और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने कलेक्टर कार्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के लिए स्थापित सेल्फी स्टैण्ड पर फोटो खिंचवाई। अन्य अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भी सेल्फी स्टैण्ड पर उत्साह के साथ फोटो खिंचवाया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने हर घर तिरंगा वेबसाइट पर तिरंगा के साथ सेल्फी अपलोड करने का आग्रह भी किया।
तिरंगा क्रय कर फहराएं
कलेक्टर मिश्र ने प्रत्येक नागरिकों से अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए राष्ट्रध्वज क्रय करने की अपील की है। जिला कलेक्टर द्वारा स्वयं भी तिरंगा क्रय किया गया है। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव राष्ट्र भक्ति की भावनाओं से जुड़ा अवसर है। हमें तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति कृतज्ञ होने की भावना का प्रदर्शन करना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।