अज्ञात व्यक्ति द्वारा खेत में ख़डी फ़सल को लगाई आग

in #pali7 months ago

सुमेरपुर। खलियान में जलती रायड़े की फसल से उठती लपटें।सुमेरपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम कानपुरा में कोरटा सड़क पर गुरुवार देर रात को अज्ञात व्यक्ति ने खेत में प्रवेश कर काश्तकार मांगू भारती की खलियान में रखी हुई रायड़ा की पकी हुई फसल को मध्य रात्रि के समय आग के हवाले कर दिया। फसल जलने की सूचना मिलने पर काश्तकार मांगू भारती व आस-पास के लोग खेत पर पहुंचे और जलती आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जल रही फसल में आग की लपटों ने भयावह रूप ले लिया था। इस पर काश्तकार भारती व अन्य नागरिकों ने आगजनी की सूचना दमकल केंद्र को दी। कुछ ही देर में दमकल वाहन भी मौके पर पहुंच गया, लेकिन उस समय तक खलियान में पड़ी हुई रायड़ा फसल में आग में जल गई थी।

दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। खेत के आधे भाग में तारबंदी व आधे में कांटों की बाड़ थी नागरिकों ने बताया कि खेत के आधे भाग में तारबंदी व आधे भाग में कांटों की बाड़ की हुई है और खेत का खलियान भी सड़क से काफी दूर है। इसके उपरांत भी खेत में रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फसल को आग लगा दी।

काश्तकार भारती ने बताया कि उसने उधार पैसे लेकर 14 बीघा खेत में रायड़ा फसल की बुवाई की थी और हाल ही में कटाई कर फसल को खलियान में रखा गया था। शुक्रवार को थ्रेसर को बुलाकर फसल से उपज लेने ही वाले थे। इसके पहले ही गुरुवार रात्रि को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फसल को जला दिया है। भारती ने बताया कि फसल जलने से करीब पौने दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। मामले को लेकर पीड़ित किसान ने तहसीलदार व पुलिस थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दी है।
image_editor_output_image552902047-1709357632522.jpg