आज बाघों की धरती में सैलानियों का स्वागत कान्हा पार्क में पर्यटन शुरू

in #news2 years ago

आज 01 अक्टूबर से चारो जोन घूम सकेंगे सैलानी
कान्हा पार्क प्रबंधन ने की सारी तैयारियां
पर्यटन के लिए 178 वाहनों को अनुमति
मध्य भारत का सबसे बड़ा राष्ट्रीय उद्यान कान्हा
मंडला. आज 01 अक्टूबर को बाघों की धरती कान्हा नेशनल पार्क में सैलानियों का स्वागत किया जाएगा। ख्यातिलब्ध कान्हा नेशनल पार्क में आज पर्यटन शुरू हो जाएगा। तीन माह तक पर्यटको को वनराज के दीदार नही हो सके। अब पर्यटकों का इंतजार खत्म होने वाला है। आज 01 अक्टूबर से कान्हा भ्रमण के लिये कान्हा नेशनल पार्क के गेट खुल जाएंगे। इस वर्ष पर्यटक कान्हा के दो जोन नहीं बल्कि चारों जोन में सफारी कर सकेंगे। इसके पहले हर साल 01 अक्टूबर को दो जोन और 15 अक्टूबर चारों जोन में भ्रमण कराया जाता था। लेकिन इस वर्ष से 01 अक्टूबर से ही चारो जोन में पर्यटक भ्रमण कर सकेंगे।
कान्हा पार्क प्रबंधन ने पर्यटकों के लिए पार्क खोलने की तैयारी कर ली है। पार्क के अंदर के मार्ग भी दुरूस्त किये गए है। विगत दो वर्ष कोरोना महामारी के बीच पार्क में पर्यटन कम रहा। लेकिन इस वर्ष पर्यटकों की आमद ज्यादा हो रही है। इसको देखते हुए कान्हा पार्क प्रबंधन ने सारी तैयारियां कर ली है। पर्यटकों के प्रवेश के लिये ऑनलाईन, ऑफ लाईन बुकिंग भी शुरू है।
002.jpg
बताया गया कि कान्हा नेशनल पार्क में बाघ के दीदार के लिए देशी-विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में आते है। यहां बारिश के तीन माह पर्यटन नहीं होता है। बारिश के कारण पार्क में मार्ग खराब हो जाते है। जिससे आवागमन संभव नहीं हो पाता है। जंगल में प्रवेश करना खतरे से खाली नहीं होता। वन्य प्राणी व जीव जंतु का भी खतरा बना रहता है। वन्यप्राणियो के प्रजननकाल का भी समय यही रहता है। जिससे बारिश के सीजन में पर्यटन प्रतिबंधित किया जाता है। पार्क में 30 जून के बाद से पर्यटन बंद कर दिया जाता है। 01 जुलाई से 30 सितम्बर तक के लिए कान्हा में पर्यटन नहीं होता है। जिसके कारण पर्यटको को जंगल की सफारी करने नहीं मिलती है और वनराज के दीदार से वंचित रहते है। आज 01 अक्टूबर से जंगल की सफारी शुरू हो जाएगी।
आज से चार जोन में भ्रमण :
जानकारी अनुसार कान्हा नेशनल पार्क जून माह से कोर एरिया में पर्यटन के लिए बंद कर दिया गया था। बारिश के समय सड़क खराब होने के कारण पर्यटन नहीं हो सकता है। फिलहाल बारिश भी थम गई है। जिसके चलते आज 01 अक्टूबर से कान्हा में पयर्टन शुरू हो जाएगा। आज से कान्हा के कोर एरिया में पयर्टक भ्रमण के लिए जा सकेगे। आज 01 से किसली, मुक्की, सरही और कान्हा जोन में पर्यटन होगा। पर्यटन के लिए 178 वाहनों को अनुमति दी गई है। जिसमें कान्हा जोन में 59, किसली में 25 मुक्की में 58 और सरही में 36 वाहन से पर्यटक भ्रमण करेगे। इसके साथ ही बफर जोन में भी पर्यटन होगा।