अलीगढ़ दीन दयाल अस्पताल में जल्द शुरू होगी एमआरआई सुविधा : कृषि मंत्री

in #narendra2 years ago

सूबे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आज दीन दयाल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने अस्पताल में एमआरआई सेवा जल्द शुरू करने की घोषणा की। निरीक्षण के दौरान मरीजों से मिलकर उनका हाल जाना। साथ ही लिफ्ट और ओपीडी का टॉयलेट गंदा होने पर अधिकारियों को लताड़ भी लगाई।सूबे के कृषि मंत्री अलीगढ़ दौरे पर हैं। जहां उन्होंने सुबह सुबह दीन दयाल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने इमरजेंसी से की। जहां डॉ. अंकुर अग्रवाल से उन्होंने सवाल जवाब किए और फिर ओपीडी की ओर चले गए। मेडिसिन विभाग की ओपीडी में कमरा नंबर 11 में डॉ. एसके सिंघल से मरीजों के बारे जानकारी ली। ओपीडी के निरीक्षण के बाद उन्होंने पीकू वार्ड का दौरा किया। जहां डॉ. मनोज द्वारा वेंटिलेटर और आईसीयू के बारे में जानकारी दी गई। उसके पश्चात कृषि मंत्री आईसीयू और जनरल वार्ड का दौरा किया। जहां उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों से उनका हाल जाना। मरीजों को समय पर उपचार और दवा मिल रही है कि नहीं सवाल किया। जिसपर सभी मरीजों ने संतोषजनक जवाब दिया। निरीक्षण के पश्चात सीएमएस केबिन में पहुंचकर स्टाफ रजिस्टर उन्होंने डीएम इंद्र विक्रम सिंह से जांच कराई। और अस्पताल में मौजूद दवाओं की जानकारी ली। सीएमएस डॉ. अनुपम भास्कर ने बताया कि 400 दवाएं कॉर्पोरेशन से मिली है। फिलहाल 283 दवा ही अस्पताल में उपलब्ध हैं। जाते जाते मंत्री ने अस्पताल में एमआरआई सेवा बहाल करने की घोषणा की।