ताजमहल में बंदरों की नशबंदी के प्रस्ताव को मिली मंजूरी,लगभग 4 करोड खर्च करेगा निगम

in #nagar2 years ago

IMG-20221109-WA0924.jpg

आगरा। आज बुधवार को नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में महापौर नवीन जैन की अध्यक्षता में 22वीं कार्यकारिणी की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा करने के साथ ही शहर हित में कई प्रस्तावों को पास किया गया। बैठक की शुरुआत में कार्यकारिणी समिति के 21वें अधिवेशन की बैठक के कार्यवत्त की पुष्टि की गयी।

नगर निगम परिसर में बनेगा नवीन सदन

बैठक में नगर निगम मूल बिल्डिंग के पीछे खाली जमीन पर नवीन सदन का निर्माण किये जाने एवं इस निर्माण में आने वाले खर्च से जुड़ा प्रस्ताव लाया गया। भूतल सहित तीन मंजिला इस नवीन सदन में लगभग 300 लोगों के एक साथ बैठने की क्षमता होगी। इसके निर्माण में लगभग 25 करोड़ का खर्च आएगा। इस प्रस्ताव को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए सर्वसम्मति से पास किया गया।

10 हज़ार बंदरों की होगी नसबंदी

शहर में बढ़ते बंदरों के उत्पात को देखते हुए इस समस्या के समाधान हेतु बंदरों की नसबंदी का प्रस्ताव लाया गया। 10 हज़ार बंदरों की नसबंदी के लिए वाइल्डलाइफ एसओएस द्वारा 3.48 करोड़ की धनराशि व्यय का प्रपोजल रखा गया। इस व्यय राशि के लिए शासन से स्वीकृति जरूरी है। इसलिए बंदरों के उत्पात से निजात पाने के लिए शहरहित में सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को सदन से अनुमोदित कराकर शासन को भेजने हेतु पास किया गया।

पार्षद नेहा गुप्ता ने बैठक में प्रस्ताव रखा कि वर्तमान में आगरा शहर में माथुर वैश्य समाज का कोई प्रतीक चिन्ह व स्तंभ कहीं भी स्थापित नहीं है। इसलिए माथुर वैश्य समाज के पूर्वजों की स्मृतियों को संजोए रखने के लिए आगरा में कमला नगर अथवा बलकेश्वर क्षेत्र में किसी चौराहे पर माथुर वैश्य समाज का एक स्तंभ स्थापित किया जाए। सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पास किया गया, साथ ही महापौर ने पार्षद नेहा गुप्ता और पार्षद प्रदीप अग्रवाल को यह जिम्मेदारी दी कि वह स्तंभ स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर अवगत कराएं।

पार्षद नेहा गुप्ता ने दूसरा प्रस्ताव रखा कि पुरानी विजय नगर कॉलोनी में विजय क्लब रोड एवं चौराहा का नाम श्री राम बाबू बंसल जी के नाम से रखा जाए। सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को पारित किया गया।

कार्यकारिणी के उपसभापति कर्मवीर सिंह ने प्रस्ताव रखा कि शास्त्रीपुरम चौराहा पर कायस्थ समाज के गौरव व श्री चित्रगुप्त जी महाराज के वंशज पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा स्थापित की जाए। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पार्षद कर्मवीर का दूसरा प्रस्ताव रखा कि यमुना किनारा मोड़ से फाटक सूरजभान होते हुए सेक्ससेरिया गर्ल्स स्कूल रोड का नाम समाजसेवी, प्राचीन पुष्टीय मार्गीय मथुराधीश मंदिर के महंत स्वर्गीय श्री हरि मोहन श्रोत्रिय के नाम से नामकरण किया जाए। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पार्षद अमित ग्वाला ने प्रस्ताव रखा कि पालीवाल पार्क स्थित जॉन्स लाइब्रेरी का नाम लोकतंत्र सेनानी एवं महान राष्ट्र भक्त श्री अधीश जी के नाम पर रखते हुए श्री अधीश पुस्तकालय किया जाए। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पार्षद सुषमा जैन ने प्रस्ताव रखा कि जयपुर हाउस स्थित आलोक नगर बी चौराहा का नाम धर्म, आध्यात्मिक, ज्योतिष एवं शिक्षा जगत के अग्रणी और संस्कृत मनीषी स्वर्गीय डॉक्टर चंदन लाल पाराशर के नाम से नामकरण किया जाए। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पार्षद मोहन शर्मा ने प्रस्ताव रखा कि पिछले 43 वर्षों से शहर में निकलने वाली वीरांगना झलकारी बाई शोभायात्रा के व्यय हेतु नगर निगम द्वारा दिए जाने वाले ₹40 हज़ार के अनुदान राशि को बढ़ाया जाए। कार्यकारिणी की सर्वसम्मति से इस अनुदान को बढ़ाकर ₹50 हज़ार कर प्रस्ताव को पारित किया गया।

बैठक में नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद महेश संवेदी, अपर नगर आयुक्त प्रथम सुरेंद्र यादव, अपर नगर आयुक्त द्वितीय विनोद गुप्ता, जलकल जीएम आर एस यादव, मुख्य अभियंता निर्माण बी एल गुप्ता, मुख्य अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) पंकज भूषण, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अतुल भारती, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रोहन सिंह, सीएफओ उदय वीर सिंह यादव, सहायक नगर आयुक्त सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अश्वनी कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय यादव, स्मार्ट सिटी नोडल प्रभारी आर के सिंह आदि मौजूद रहे।