इंदिरापुरम के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम ने ली, 21 साल का इंतजार खत्म

in #nagar9 days ago

गाजियाबाद 07 सितंबर (डेस्क):-गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) से इंदिरापुरम के रखरखाव की जिम्मेदारी अंततः नगर निगम ने ले ली है। 21 साल से चला आ रहा यह लंबा इंतजार शुक्रवार को खत्म हुआ जब मेरठ मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित जीडीए की 166वीं बोर्ड बैठक में हस्तांतरण का रास्ता साफ हो गया। जीडीए अध्यक्ष और मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. के समक्ष जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए। अब केवल नगर निगम की मंजूरी की औपचारिकता शेष है।

1000022833.jpg

इंदिरापुरम की योजना जीडीए द्वारा बनाई गई थी और अब तक इसका रखरखाव भी वही कर रहा था। अब नगर निगम इसके रखरखाव की जिम्मेदारी लेगा। इसके बदले जीडीए 185 करोड़ रुपये नगर निगम को देगा। शुरुआत में 85 करोड़ की एकमुश्त राशि दी जाएगी, उसके बाद जुलाई 2025 तक तीन किस्तों में शेष राशि का भुगतान किया जाएगा। इस बैठक के बाद इंदिरापुरम निवासियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर आई है, जो लंबे समय से इस हस्तांतरण का इंतजार कर रहे थे।

इंदिरापुरम आवासीय योजना लगभग 30 साल पुरानी है और यह मकनपुर गांव की जमीन पर शुरू की गई थी। 2003 में जीडीए ने नगर निगम को इसका रखरखाव सौंपने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन नगर निगम ने इसे लेने से इनकार कर दिया था। इस मुद्दे को लेकर काफी पत्राचार भी हुआ और इसके बाद स्थानीय निवासियों ने हस्तांतरण के लिए अभियान शुरू किया। इंदिरापुरम में अब लगभग पांच लाख की आबादी निवास कर रही है, जिन्हें अब नगर निगम द्वारा संचालित बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस हस्तांतरण प्रक्रिया में तेजी तब आई जब पिछले साल दिसंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के दौरे के दौरान नगर निगम को इंदिरापुरम के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने का आदेश दिया। इस आदेश के बाद जीडीए और नगर निगम के अधिकारियों ने मिलकर इंदिरापुरम में सर्वेक्षण शुरू किया और वहां की सड़कें, नालियां, पार्क और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।