नरोत्‍तम मिश्रा ने कमल नाथ पर फिर साधा निशाना, कही यह बात

in #mp2 years ago

19_09_2022-narottam_vs_kamal_nath_2563.jpg
भोपाल। प्रदेश के गृहमंत्री और भाजपा नेता डा. नरोत्‍तम मिश्रा अक्‍सर अपने बयानों में कांग्रेस के प्रदेशाध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री कमल नाथ पर तंज कसते रहते हैं। सोमवार को उन्‍होंने एक बार फिर कमल नाथ पर निशाना साधा और एक दिन पूर्व उनके एक बयान को लेकर चुटकी ली। कमल नाथ ने रविवार को कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नेताओं को दो-टूक संदेश देते हुए कहा था जिन्‍हें पार्टी छोड़कर जाना हो, चला जाए। मैं मनाने नहीं जाऊंगा।। उनके इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नरोत्‍तम मिश्रा ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कमल नाथ जी का यह कथन राहुल गांधी से उनका छत्‍तीस का आंकड़ा बताता है। एक तरफ राहुल गांधी 'जोड़ो' (भारत जोड़ो यात्रा) पर निकले हैं, उधर कमल नाथ 'छोड़ो' पर हैं। ये अपनी गाड़ी से घर तक छोड़ने जा रहे हैं। कमल नाथ जी ने पहले चलो-चलो कहकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिरवा दी, अब भागो-भागो कहकर कांग्रेस पार्टी के संगठन को खत्म करने में लग गए हैं।

इसी दौरान उन्‍होंने कांग्रेस नेता और पूर्वमुख्‍यमंत्री दिग्‍विजय सिंह के अनुज लक्ष्‍मण सिंह के बयान के बहाने राहुल गांधी को भी 'भारत छोड़ो यात्रा' के संदर्भ में नसीहत दी। नरोत्‍तम ने कहा कि राहुल जी को अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह की सलाह मान लेनी चाहिए। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस के वोट नहीं बढ़ने वाले हैं। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा था कि केवल पैदल चलने से वोट नहीं बढ़ता है। जब तक बूथ प्रबंधन अच्छे से नहीं करेंगे और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित नहीं करेंगे, तब तक वोट नहीं बढ़ेगा। हालांकि उन्‍होंने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' को एक अच्छी अवधारणा बताते हुए कहा था कि इसे पहले ही निकाल लेना चाहिए था।