आसमान से बरसी राहत, मौसम की गर्मी उतरी

in #monsoon3 months ago

अमेठी सिटी। गर्मी से परेशान लोगों के लिए शनिवार का दिन राहत भरा साबित हुआ। सुबह से धूप व उमसभरी गर्मी से परेशान लोगों को दोपहर बाद आसमान में छाए बादल राहत दे गए। कई स्थानों पर झमाझम बारिश होने से लोगों को उमसभरी गर्मी से कुछ राहत मिली।दोपहर बाद करीब शाम चार बजे आसमान में बादल छाए। देखते-देखते गौरीगंज समेत कई स्थानों पर झमाझम बारिश होने से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिल गई। बारिश के बाद मानसून दस्तक देने की संभावना भी बढ़ गई है। मौसम में बदलाव ने बदन झुलसाने वाली प्रचंड गर्मी से राहत जरूर पहुंचाई है। उमस फिलहाल परेशान करती रहेगी।हालांकि मानसून आने पर ही गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना है। बारिश होने के बाद चली हवाओं से लोगों को राहत मिली। बारिश से तापमान भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। अगले 24 घंटे हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है।

नहरों में भी आया पानी, अब होगी धान की अगेती रोपाई

शनिवार को बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। इतना ही नहरों में भी पानी आने से किसानों ने अगेती धान की रोपाई शुरु कर दी। कुछ दिन पहले गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त था। गौरीपुर निवासी किसान सरयू प्रसाद, बंसत कुमार व काशीराम मिश्र ने बताया कि यह बारिश संजीवनी बूटी से कम नहीं है। अब धान की बेहन जल्द तैयार होगी तो धान रोपाई सुगमता से होगी।

किसानों के चेहरे पर आई मुस्कान
इन्हौना (अमेठी)। शनिवार दोपहर को तेज आंधी के हुई हल्की बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। तेज उमस भारी गर्मी से आमजन मानस को थोड़ी राहत मिली। हल्की बारिश से मौसम तो खुशनुमा हुआ ही साथ में किसानों के चेहरों पर मुस्कान भी आ गई। सीजन की पहली बारिश होने के सूख रही धान की नर्सरी को संजीवनी मिल गयी है। बारिश न होने के कारण धान की नर्सरी भी सूख रही थी। साथ ही उमस भरी गर्मी से आम जनमानस बेहाल था। किसान राजेश यादव, रिंकू सिंह ने बताया कि बारिश न होने के कारण धान की नर्सरी एकदम मुरझा सी गयी थी। बरसात से धान की नर्सरी को राहत मिलेगी।