बारिश ने बढ़ाई परेशानी, ठंड से कांपे लोग

in #monsoon8 months ago (edited)

navjivanindia_2024-01_5ad704ff-79c5-4711-9b1c-fe4664d19632_GettyImages_1893316044.jpg
अमेठी। मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। शुक्रवार की सुबह कोहरा छाया रहा। दोपहर से बारिश शुरू हुई। कभी हल्की तो कभी झमाझम बारिश ने दिक्कतें बढ़ा दी। किसानों ने बारिश को फसलों के लिए फायदेमंद बताया है।जिले में पिछले तीन दिन से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। बुधवार और बृहस्पतिवार की भोर में गरज के साथ बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को मौसम में बदलाव दिखा। दोपहर से शुरू हुई बारिश शाम तक होती रही। बारिश से शहर में कई जगहों पर कीचड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, इससे आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश से गेहूं की अगेती खेती करने वाले किसानों को लाभ हुआ है। चना, मटर और सरसों की खेती करने वाले किसान इसे फसलों के लिए लाभदायक बता रहे हैं। पिछेती खेती करने वाले किसानों को इस बारिश से नुकसान हुआ है।
हल्की बारिश होने की संभावना
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के कृषि वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 16.5 व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम : 95 प्रतिशत व न्यूनतम : 69 प्रतिशत रही।
दो किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं अधिकतर स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। हवा सामान्य गति से मुख्यत: पश्चिमी चलने एवं औसत तापमान सामान्य के आसपास रहने के आसार हैं।

ग्रामीण अंचल में अलाव की दरकार

  • ग्रामीण अंचल में सार्वजनिक स्थलों पर अभी तक अलाव नहीं जले हैं। सर्दी भगाने के लिए लोग घास फूस जलाकर इंतजाम करते दिखाई पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अलाव का प्रबंध कराने की मांग की है। वहीं बाजार शुकुल में भी लोगों को दिक्कत हुई।